Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. आजमगढ़ की अतरौलिया सीट को लेकर सुभासपा और निषाद पार्टी आमने-सामने, BJP के सामने बढ़ीं मुश्किलें

आजमगढ़ की अतरौलिया सीट को लेकर सुभासपा और निषाद पार्टी आमने-सामने, BJP के सामने बढ़ीं मुश्किलें

By शिव मौर्या 
Updated Date

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए गठबंधन में शामिल निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के बीच टकराव की स्थिति बनती जा रही है। दरअसल, आजमगढ़ के अतरौलिया विधानसभा सीट पर दोनों दल के नेता अपना दावा ठोक रहे हैं। इन सबके बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से ओपी राजभर ने मुलाकात की है। इस दौरान ओपी राजभर के दोनो बेटे भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि, अतरौलिया सीट को लेकर चल रही खींचतान के बीच ये मुलाकात बेहद ही अहम है।

पढ़ें :- यूपी चुनाव से पहले संतों के बीच बयानबाजी ने पकड़ा तूल, धर्म और राजनीति के रिश्ते पर उठने लगे सवाल, जनता किस पर करे भरोसा?

दरअसल, अतरौलिया सीट पर दोनों दल के नेता पीछे हटने को तैयार नहीं हो रहे हैं। पिछले चुनाव में यहां से निषाद पार्टी ने चुनाव लड़ा था। ऐसे में निषाद पार्टी इस सीट को छोड़ना नहीं चाहती है। वहीं, सुभासपा इस सीट को हासिल करना चाहती है। निषाद पार्टी के अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि वह इस प्रकरण से भाजपा के वरिष्ठ नेता गृहमंत्री अमित शाह को अवगत कराएंगे, फैसला वही करेंगे।

डॉ.संजय निषाद ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत पार्टी ने अतरौलिया से प्रत्याशी उतारा था, पार्टी इस सीट पर अपना दावा नहीं छोड़ सकती। चुनाव हारने के बाद से ही पार्टी क्षेत्र में सक्रिय है और लगातार बैठकें तथा जनसभाएं कर रही है। गठबंधन के तहत इस बार भी पार्टी की दावेदारी इस सीट पर रहेगी।

वहीं, सुभासपा अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि वो अतरौलिया सीट पर पिछले तीन सालों से मेहनत कर रहे हैं। ऐसे में वो ये सीट नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि, वो लगातार कार्यकर्ताओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं और वो इस सीट पर अपना प्रत्याशी उतारेंगे। कहा जा रहा है कि, अतरौलिया सीट पर ओपी राजभर अपने बेटे को चुनाव लड़ना चाहते हैं, जिसके कारण वो इस सीट को नहीं छोड़ना चाहते।

 

पढ़ें :- सपा-कांग्रेस का गठबंधन एक ऐसी खिचड़ी है जिसका पकना दोनों के नसीब में नहीं : डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य
Advertisement