‘Operation Sindoor’Kartarpur Sahib Corridor : भारतीय सेना ने कुशल रणनीति का प्रदर्शन करते हुए ऑपरेशन सिंदूर के तहत पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले पर पलटवार किया । पाकिस्तान और पीओके में आतंकी शिविरों पर भारतीय सशस्त्र बलों के मिसाइल हमलों के बाद, पंजाब के गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक में करतारपुर कॉरिडोर को एक दिन के लिए बंद कर दिया गया। कई श्रद्धालु बुधवार की सुबह पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेकने के लिए करतारपुर गलियारा पहुंचे, लेकिन उन्हें वापस जाने को कहा गया। करतारपुर गलियारा नौ नवंबर, 2019 को गुरु नानक देव की 550वीं जयंती पर खोला गया था। सभी धर्मों के भारतीय श्रद्धालुओं को साल भर गुरु नानक देव के अंतिम विश्राम स्थल करतारपुर में ऐतिहासिक गुरुद्वारे की वीजा-मुक्त यात्रा करने की अनुमति है।
पढ़ें :- T20 World Cup 2026 : भारत का विजयी आगाज, सूर्या के तूफान, अक्षर की फिरकी और सिराज की रफ्तार... यूएसए को 29 रन से हराया
खबरों के अनुसार, यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब बुधवार को भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी शिविरों पर मिसाइल हमले किए , जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा शामिल है।
भारत और पाकिस्तान के बीच हुए समझौते के अनुसार, प्रतिदिन 5,000 तीर्थयात्री ऐतिहासिक गुरुद्वारे में मत्था टेकने के लिए पड़ोसी देश जा सकते हैं। कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के दो सप्ताह बाद मंगलवार देर रात को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर सैन्य हमले किए गए।