गाजियाबाद : यूपी विधानसभा चुनाव से पहले नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। गाजियाबाद की विशेष एमपी-एमएलए ने एक मामले में लगातार पेश न होने पर उनके घर की कुर्की का आदेश जारी किया है। यह मामला 2018 में साहिबाबाद की एक शादी में मारपीट और गाली-गलौच से जुड़ा है।
पढ़ें :- चंद्रशेखर आजाद ने जारी की 34 नामों की तीसरी सूची, PDA पर पूरा भरोसा; ब्राह्मण-ठाकुर को जगह नहीं
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के साहिबाबाद में 2018 के मारपीट और गाली-गलौज के मामले की सुनवाई के दौरान चंद्रशेखर आजाद, विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में लगातार अनुपस्थित रहे। सोमवार को मामले की सुनवाई के दौरान उपस्थित न होने पर आजाद के अधिवक्ता ने हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। कोर्ट को बचाव पक्ष की ओर से बताया गया कि सांसद मुंबई में संसदीय कार्यसमिति की पहले से निर्धारित बैठक में शामिल होने के वजह से कोर्ट नहीं पहुंच सके।
हालांकि, कोर्ट में पेश न होने के कारण 17 नवंबर को आजाद के खिलाफ घर की कुर्की का आदेश जारी कर दिया। इस मामले की अगली सुनवाई 8 दिसंबर को होगी है। फिलहाल, कोर्ट के आदेश से आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) प्रमुख की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। बता दें कि यह मामला साहिबाबाद थाना क्षेत्र के वृंदावन गार्डन में एक शादी समारोह के दौरान विवाद से जुड़ा है। इस मामले में शिकायतकर्ता धर्मेंद्र कुमार ने चंद्रशेखर आजाद पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाया था।