उज्जैन । बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में धार्मिक गतिविधियों में बढ़ोतरी और सिंहस्थ 2028 को देखते हुए एयरपोर्ट सुविधा विस्तार की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मध्य प्रदेश के दौरे के एक दिन पहले उज्जैन हवाई सेवा को बड़ी सौगात मिलने जा रही है।
पढ़ें :- UGC Regulations 2026 : सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और यूजीसी से जवाब मांगा, अगले आदेश तक 2012 वाले नियम लागू
कल विमानन विभाग और एएआई के बीच महत्वपूर्ण करार
कल यानी शुक्रवार को मप्र सरकार के विमानन विभाग और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी एएआई के बीच महत्वपूर्ण करार होने जा रहा है। एएआई के चेयरमैन विपिन कुमार की मौजूदगी में तीन अनुबंध होंगे। पहला अनुबंध एयरपोर्ट निर्माण को लेकर होगा, तो दूसरा ऑपरेशन, मेंटेनेंस को लेकर अनुबंध होगा। वहीं तीसरा करार वैधानिक अनुमतियों के लिए एएआई को अधिकृत करने को लेकर होगा। उज्जैन एयरपोर्ट के लिए एएआई ने 241 एकड़ जमीन की मांग की है। वर्तमान में 95 एकड़ जमीन उपलब्ध है। अतिरिक्त जमीन के लिए विमानन विभाग ने उज्जैन जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं। एयरपोर्ट सुविधा का विस्तार होने से उज्जैन से एटीआर-72 जैसे विमानों के संचालन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। शिवपुरी के बाद उज्जैन दूसरा शहर होगा, जहां हाल ही में एएआई से अनुबंध हुआ है। शिवपुरी में अक्टूबर 2024 में अनुबंध हुआ था। वहां 59.30 एकड़ जमीन उपलब्ध है। एएआई ने 45.89 एकड़ अतिरिक्त जमीन की मांग की है। वहीं उज्जैन के सदावल क्षेत्र में 4 हेलीपैड बन रहे हैं। इनका निर्माण लगभग पूरा हो चुका है।