पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: महराजगंज में किसानों के हक की खाद पर तस्करों की नजर है! भारत-नेपाल सीमा के रास्ते डीएपी खाद की खेप नेपाल भेजने की तैयारी थी। खाद की बोरियां मोटरसाइकिलों पर लादी जा रही थीं, लेकिन तस्करों की इस कोशिश पर नौतनवा पुलिस ने पानी फेर दिया। पुलिस ने बरवा भोज अंडरपास के पास छापेमारी कर 15 बोरी डीएपी खाद बरामद की है। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल चार मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।
पढ़ें :- कड़ी सुरक्षा में थाईलैंड की राजदूत 46 सदस्यीय दल के साथ नेपाल रवाना
दरअसल, शुक्रवार 27 नवंबर को नौतनवा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरवा भोज अंडरपास के रास्ते डीएपी खाद की खेप नेपाल भेजने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दी। पुलिस की कार्रवाई में 15 बोरी डीएपी खाद के साथ चार आरोपी पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन, सन्नी उर्फ गोलू, सुनील और राकेश के रूप में हुई है। सभी नौतनवा थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों और वार्डों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने खाद की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही चार मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में लिया है। बरामद खाद और वाहनों के संबंध में जिला कृषि अधिकारी को सूचना दी गई, जिसके बाद कृषि विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बरामदगी से संबंधित रिपोर्ट कृषि विभाग को सौंप दी है। अब खाद की अवैध खरीद-बिक्री और तस्करी के मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कृषि विभाग करेगा। फिलहाल पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि खाद की खेप नेपाल किसके पास पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
फिलहाल चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और कृषि विभाग की कार्रवाई जारी है। सवाल यह है कि किसानों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली खाद सीमा पार कैसे पहुंच रही थी?