Putin warns Trump: अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने व अन्य व्यापारिक संबंध रखने के लिए भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाया है। जिसको लेकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को अमेरिका चेतावनी दी है। पुतिन ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका, भारत पर रूसी तेल खरीद बंद करने का दबाव नहीं बनाए, क्योंकि भारत के लोग कभी किसी के सामने अपमान स्वीकार नहीं करेगा।
पढ़ें :- Dr.APJ Abdul Kalam Technical University में करोड़ों के टेंडर में भ्रष्टाचार, मानकों के विपरित कंपनी को दिया गया काम
दरअसल, रूसी राष्ट्रपति पुतिन गुरुवार को ब्लैक सी के रिसॉर्ट शहर सोची में आयोजित वलदाई डिस्कशन ग्रुप में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने भारत और रूस के बीच गहरे संबंधों का जिक्र किया। पुतिन ने कहा, ‘मेरा मानना है कि भारत और रूस के लोग दोनों देशों के बीच के गहरे संबंध को नहीं भूल सकते हैं।’ इस दौरान रूसी राष्ट्रपति ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा, “भारत जैसा देश अपने नेतृत्व के फैसलों पर करीब से नजर रखता है और कभी किसी के सामने अपमानजनक स्थिति स्वीकार नहीं करेगा।”
पुतिन ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री मोदी को जानता हूं। वह स्वयं भी ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे।” उन्होंने दावा किया कि अगर भारत रूस से तेल खरीदना बंद करता है तो उसे 9 से 10 अरब डॉलर का आर्थिक नुकसान हो सकता है। पुतिन ने यह टिप्पणी ऐसे वक्त में की है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से यूरोप, भारत और चीन से यूक्रेन युद्ध को कमजोर करने के लिए रूसी तेल खरीदने की अपील की जा रही है।
रूसी राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि अगर रूस की ऊर्जा आपूर्ति में कटौती की गयी तो वैश्विक अर्थव्यवस्था गहरे संकट में आ जाएगी। उन्होंने दावा किया कि ऐसा हुआ तो कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के साथ व्यापार और भुगतान से जुड़ी समस्याओं का समाधान ब्रिक्स मंच या अन्य चैनलों के जरिये किया जा सकता है।
यूक्रेन संघर्ष पर पुतिन ने कहा, “सभी नाटो देश हमारे खिलाफ लड़ रहे हैं और अब इसे छिपा भी नहीं रहे। यूरोप में एक केंद्र बनाया गया है जो यूक्रेनी सेना की हर गतिविधि को समर्थन देता है, उन्हें खुफिया जानकारी, हथियार और प्रशिक्षण उपलब्ध कराता है।” उन्होंने युद्ध जारी रहने के लिए यूरोप को जिम्मेदार ठहराया। इसके साथ ही पुतिन ने ब्रिक्स, अरब देशों, उत्तर कोरिया और बेलारूस का शांति प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।