इंडोनेशिया। इंडोनेशिया (Indonesia) से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विशालकाय अजगर (Giant Python) ने कथित तौर पर 50 वर्षीय महिला को अपना शिकार बना लिया। महिला का शव बाद में अजगर के पेट से बरामद किया गया, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
पढ़ें :- नैनीताल में हरियाणा के पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरा, 22 यात्री घायल, दो की हालत गंभीर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह घटना इंडोनेशिया (Indonesia) के पश्चिम सुलावेसी प्रांत (West Sulawesi Province) के मामुजू रीजेंसी क्षेत्र (Mamuju Regency Region) की है। मृतक महिला की पहचान फरीदा के रूप में हुई है, जो चार बच्चों की मां थीं और स्थानीय बाजार में खाना बेचने का काम करती थीं।
बताया जा रहा है कि फरीदा रोज की तरह जंगल के रास्ते बाजार जा रही थी, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटीं। इसके बाद उनके पति और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जंगल में एक विशाल अजगर दिखाई दिया, जिसका पेट असामान्य रूप से फूला हुआ था। ग्रामीणों को शक हुआ कि अजगर ने महिला पर हमला कर सकता है। जिसके बाद लोगों ने अजगर को पकड़कर उसका पेट काटा। पेट के अंदर महिला का शव मिलने से वहां मौजूद लोग सुन्न रह गए। महिला का शरीर कपड़ों सहित अजगर के पेट में मिला।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजगर ने पहले महिला को जकड़ा, फिर दम घोंटकर उसकी जान ले ली और बाद में पूरे शरीर को निगल गया। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय प्रशासन और वन्यजीव अधिकारियों ने लोगों से जंगल और सुनसान रास्तों पर सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं इस दुर्लभ और खौफनाक घटना ने सोशल मीडिया पर भी लोगों को हैरान कर दिया है।
विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्लभ होती हैं, लेकिन इंडोनेशिया (Indonesia) जैसे क्षेत्रों में बड़े रेटिकुलेटेड अजगर (Reticulated Python) पाए जाते हैं, जो आकार में काफी विशाल हो सकते हैं और कभी-कभी इंसानों पर भी हमला कर देते हैं। फिलहाल इस घटना की तस्वीरें और विवरण सामने आने के बाद दुनिया भर में इसकी चर्चा हो रही है। ग्रामीणों ने महिला के शव को बाहर निकालकर अंतिम संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिया।
पढ़ें :- सीएम योगी ने सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले - बाबरी के भक्त कभी भी बजरंग बली के भक्त नहीं हो सकते,
रिपोर्ट : कल्पना पांडेय