नई दिल्ली, पर्दाफाश। राज्यसभा में सोमवार को 19 नवनिर्वाचित सदस्यों ने शपथ ली। इस दौरान शरद पवार और रामदास अठावले समेत कई दिग्गज नेता शामिल रहे। शपथ ग्रहण समारोह सी.पी. राधाकृष्णन की उपस्थिति में राज्यसभा कक्ष में आयोजित हुआ। इस मौके पर उपसभापति हरिवंश और संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू भी मौजूद रहे।
पढ़ें :- 'चीनी के घोल को फ्रूट जूस बताकर बेच रहे...' राज्यसभा में राघव चड्ढा ने पूछा- झूठे विज्ञापन रोकने के लिए क्या कर रही सरकार?
चार राज्यों से आए सदस्य
नए सदस्यों में महाराष्ट्र से 5, तमिलनाडु से 6, पश्चिम बंगाल से 5 और ओडिशा से 3 सांसद शामिल हैं। महाराष्ट्र से भाजपा की माया चिंतामन इवानते ने सबसे पहले शपथ ली। इसके बाद शरद पवार ने व्हीलचेयर पर पहुंचकर शपथ ग्रहण किया। उनके अलावा रामराव सखाराम वाडकुटे, ज्योति नागनाथ वाघमारे और रामदास अठावले ने भी शपथ ली। तमिलनाडु से कॉन्स्टेंटाइन रविंद्रन, क्रिस्टोफर मणिकम, एल के सुधीश, एम थंबीदुरई, तिरुचि शिवा और अंबुमणि रामदास ने सदस्यता की शपथ ली। ओडिशा से मनमोहन सामल, संरप्त मिश्रा और दिलीप कुमार राय ने शपथ ग्रहण किया। वहीं पश्चिम बंगाल से बाबुल सुप्रिया बराल, बिस्वजीत सिन्हा, मेनका गुरुस्वामी, राजीव कुमार और रुक्मिणी मल्लिक ने शपथ ली।
क्षेत्रीय भाषाओं में ली शपथ
समारोह के दौरान अधिकांश सांसदों ने अपनी-अपनी क्षेत्रीय भाषाओं में शपथ ली। अंत में राज्यसभा अध्यक्ष सी.पी. राधाकृष्णन ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।