लखनऊ। बुलंदशहर से दो बार के विधायक रहे भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित फिर से चर्चा में आ गए है। इस बार उन पर एक महिला ने दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर बेंगलुरु के एक थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पूर्व विधायक पर आरोप है कि वह महिला को अपने साथ बेंगलुरु घुमाने लेकर गए थे, जहां एक फाईव स्टार होटल के एक कमरे में उसके साथ दुराचार किया।
पुलिस को दी तहरीर के मुताबिक पूर्व विधायक के कहने पर 14 अगस्त को महिला अपने नाबालिग बेटे के साथ बेंगलुरु गई थी। वहां पर पहले पूर्व विधायक ने उसे पूरा शहर घुमाया। 16 अगस्त को विधायक पीडित महिला को लेकर चित्रदुर्ग गया। वहां से अगले दिन लौटते समय केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक पांच सितारा होटल में उनके लिए कमरा बुक किया। होटल के कमरे में उन्होंने कथित तौर पर उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर 17 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 (छलपूर्ण तरीके से यौन संबंध बनाना) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पढ़ें :- Surya Grahan 2026 Effect : सूर्य ग्रहण से चमकेगी 4 राशियों की किस्मत,18 साल बाद सावन में सूर्य और चंद्र ग्रहण का संयोग
कौन हैं पूर्व विधायक भगवान शर्मा
भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित का जन्म दस जुलाई 1974 को गौतमबुद्ध में हुआ था। गुड्डू पंडित पहली बार 2007 के विधानसभा चुनाव में बुलंदशहर की डिबाई सीट से उतरे। बसपा उम्मीदवार के तौर पर उतरे गुड्डू पंडित ने भाजपा के राजवीर सिंह को 15,704 वोटों से मात दी थी। 2012 के विधानसभा चुनाव में गुड्डू पंडित ने समाजवादी पार्टी का दामन थामा और एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरे। इस बार जनक्रांति पार्टी राष्ट्रवादी के राजवीर सिंह को 3597 वोटों से हराया। इसके बाद उन्हें सपा से भी बाहर होना पड़ा। 2017 के चुनाव में सपा ने यहां से हरीश कुमार को उतारा। 2022 में पूर्व विधायक ने शिवसेना का दामन थाम लिया था।