Prayagraj Lawyer Murdered: यूपी के प्रयागराज में गुरुवार को जमीन के विवाद में वकील सतीश श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। इस मामले में मुख्य आरोपी देवेंद्र नाथ मिश्रा उर्फ झून्ने है, जो भाजपा नेता बताया जा रहा है। इस मामले में देवेंद्र नाथ मिश्रा, उसके बेटे अमरेंद्र नाथ मिश्रा और निपेंद्र नाथ मिश्रा के अलावा उनकी पत्नी शैल मिश्रा को नामजद किया गया है। वहीं, मृतक की पत्नी वर्षा का आरोप है कि उनके पति को पुलिस के सामने गोली मारी गयी। इसके साथ ही उन्होंने योगी सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। जिसको लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा है।
पढ़ें :- भाजपा राज में महाकुंभ के नाम पर 1 लाख करोड़ डकारा गया : अखिलेश यादव
दरअसल, सलोरी निवासी सतीश श्रीवास्तव की हत्या के बाद वर्षा श्रीवास्तव ने गुरुवार को कहा था कि देवेंद्रनाथ मिश्रा पिछले एक साल से हमारी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। इस मामले में हमने सीएम योगी, डीसीपी और एसीपी समेत कई अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भी दिया था। उन्होंने कहा कि 10 दिसंबर को मेरी बेटी के साथ भी उन लोगों ने घटना की थी। हम गोरखपुर गए थे और योगीजी से मिले थे। उन्होंने हमें सांत्वना दी थी और कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। मृतक की पत्नी का आरोप है कि एसीपी विवेक यादव आरोपियों का साथ दे रहे थे। उनके पति की हत्या के समय चौकी इंचार्ज विनय यादव भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने भी उनके पति के साथ मारपीट की थी। पीड़ित पक्ष ने इस मामले में आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की है।
सीएम योगी पर फूटा गुस्सा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सतीश श्रीवास्तव की पत्नी वर्षा श्रीवास्तव का एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें वह सीएम योगी के ‘बेटी-बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को लेकर तंज़ कसते हुए कहती हैं- “मुख्यमंत्री कर क्या रहे हैं…सब नेताओं और मुख्यमंत्री तक उन्होंने प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन मिला। क्या हुआ? अब मुख्यमंत्री हमारा आदमी (पति) लाकर दें मुख्यमंत्री। दो बेटियों का घर उजड़ गया, अब मेरी दो बेटियों की ज़िम्मेदारी मुख्यमंत्री उठाएं। मेरा कोई बेटा नहीं, कमाने वाले मेरे सिर्फ पति थे। क्या कर रहें हैं मुख्यमंत्री। पुलिस के सामने उनके पति को गोली मार दी गयी।”
हमारे देश में नारी के श्राप से कोई भी नहीं बच पाया है, वो अपने को चाहे कितना भी बड़ा और महत्वपूर्ण समझे।
परिवार के दुखों का एहसास परिवारवालों को ही हो सकता है। जो घर उजाड़े, फ़र्ज़ी एनकाउंटर करवाए, दुखी माँ-प्रोफ़ेसर-पत्रकार को सरेआम बेइज़्ज़त करे, अपने वर्चस्व को बनाए रखने के लिए पीडीए समाज का उत्पीड़न करे, ऐसा नेता : नहीं चाहिए, नहीं चाहिए!
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) October 16, 2026
इस वीडियो के साथ अखिलेश ने लिखा, “हमारे देश में नारी के श्राप से कोई भी नहीं बच पाया है, वो अपने को चाहे कितना भी बड़ा और महत्वपूर्ण समझे। परिवार के दुखों का एहसास परिवारवालों को ही हो सकता है। जो घर उजाड़े, फ़र्ज़ी एनकाउंटर करवाए, दुखी माँ-प्रोफ़ेसर-पत्रकार को सरेआम बेइज़्ज़त करे, अपने वर्चस्व को बनाए रखने के लिए पीडीए समाज का उत्पीड़न करे, ऐसा नेता : नहीं चाहिए, नहीं चाहिए!”