नई दिल्ली। केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) ने रक्षा मंत्रालय (Defence Ministry) के अधीन आने वाले रक्षा लेखा कार्यालय के वरिष्ठ ऑडिटर को एक कारोबारी से 10 लाख रुपये की घूस मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। इसमें एक निजी रक्षा आपूर्तिकर्ता भी है।
पढ़ें :- यूपी मतदाता सूची गड़बड़ी मामले में बड़ा एक्शन, पीलीभीत में दो एसडीएम के खिलाफ FIR दर्ज
सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार वरिष्ठ ऑडिटर दीप नारायण यादव (Senior Auditor Deep Narayan Yadav) अफ्रीका एवेन्यू स्थित डिफेंस ऑफिस कॉम्प्लेक्स (Defense Office Complex at Africa Avenue) में तैनात है। यादव पर आरोप है, उसने लंबित बिलों को पास न करने और भविष्य में बिलों का भुगतान रोकने की धमकी दी थी। इसके बदले उसने कारोबारी से 10 लाख रुपये की मांग की थी। यादव ने कारोबारी से घूस की पहली किश्त के रूप में 8 लाख रुपये रक्षा आपूर्तिकर्ता आकाश कपूर को देने के लिए कहा था।
कारोबारी ने इसकी शिकायत सीबीआई (CBI) से की, जिसके बाद कपूर के कर्मचारी दिनेश को घूस की रकम लेते हुए गिरफ्तार किया गया। सीबीआई (CBI) के प्रवक्ता ने बताया कि दिनेश की गिरफ्तारी के बाद उसके मालिक कपूर को गिरफ्तार किया गया। कपूर और उसके नौकर से पूछताछ में रक्षा लेखा कार्यालय (Defence Accounts Office) के वरिष्ठ ऑडिटर का नाम सामने आया, जिसके बाद यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया।