गुजरात: गुजरात के सूरत से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां लिंबायत इलाके में मीठी खाड़ी के पास एक रिहायशी इमारत में अचानक आग लगने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक छोटा बच्चा भी शामिल है।
पढ़ें :- इटली और स्पेन के बाद फ्रांस भी अमेरिका के खिलाफ हुआ, इजरायल ने रक्षा सामग्री बेचने से किया मना
जानकारी के मुताबिक, यह घटना लिंबायत क्षेत्र के एक घर में हुई, जहां अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ धुआं फैल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान झुलसे हुए 5 लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान सभी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शाहनाज़ बेगम (65), हुसा बेगम (18), शुभान (4), शबीना (28) और परवीन (19) के रूप में हुई है। सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर के अंदर बड़ी मात्रा में साड़ियां रखी हुई थीं। बताया जा रहा है कि परिवार साड़ी बनाने का काम करता था और घर में करीब 10 टन साड़ियों का स्टॉक था, जिससे अंदर चलने-फिरने तक की जगह नहीं बची थी। घटना के बाद मौके पर पहुंचे पूर्व महापौर दक्षेशभाई मावानी ने बताया कि आग लगने के बाद दम घुटने की वजह से लोगों की मौत होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में सामान भरा होने के कारण आग तेजी से फैली।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि रिहायशी इलाकों में सुरक्षा मानकों का पालन कितना जरूरी है, खासकर जब घरों में बड़े स्तर पर सामान या कामकाज किया जा रहा हो