वाराणसी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। एयरपोर्ट पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। काशी पहुंचते ही अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के जाने के बाद ही बनारस मुस्कराएगा। साथ ही उन्होंने वादा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वाराणसी में मेट्रो का निर्माण कराया जाएगा।
पढ़ें :- शादी की मांग लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, WhatsApp चैट की कॉपियां नीचे फेंकी; 10 घंटे बाद उतरी
अखिलेश यादव एमएलसी चुनाव में जीत के बाद पहली बार वाराणसी पहुंचे । लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से वह डाफी टोल प्लाजा के पास दिवंगत सपा नेता राजेश यादव ‘नत्थू’ के आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बेरोजगारी, किसानों और गंदगी का मुद्दा उठाया
वाराणसी में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने किसानों की समस्याओं पर चिंता जताई। उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी और शहर में फैली गंदगी को लेकर भी मौजूदा सरकार की आलोचना की। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार जाने के बाद नौजवानों, किसानों समेत सभी वर्गों के खुशहाल होने की उम्मीद है।
रोपवे और स्टेडियम परियोजनाओं पर भी सवाल
अखिलेश यादव ने वाराणसी में रोपवे और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम जैसी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के सहारे पूरे पूर्वांचल में राजनीतिक बढ़त हासिल करने की बात कही जा रही है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सबसे पहले धोखा देने वाले लखनऊ में बैठे लोग ही हैं।
पढ़ें :- 'मुख्यमंत्री जी गुंडों को पनाह दे रहे हैं...' सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने राजभर की टिप्पणी पर सरकार को घेरा
सपा अध्यक्ष ने वाराणसी में मेट्रो निर्माण का वादा दोहराते हुए कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर इस परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा। उनके बयान को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले काशी और पूर्वांचल में राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।