लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को प्रेस कॉफ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री की प्रिय मशीन बुलडोजर है और उनकी सोच विनाशकारी है। बुलडोजर के जरिए जनता को डराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, भाजपा के कारण देश में राजनीतिक प्रदूषण भी बढ़ा है। वहीं, सपा में शामिल होने के इच्छुक लोगों को लेकर कहा कि, उनके लिए दरवाजे हमेशा खुले हैं।
पढ़ें :- पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है, ऐसे में संसद का सत्र पूरी जिम्मेदारी के साथ चलाना हमारा कर्तव्य है : किरेन रिजिजू
अखिलेश यादव ने कहा कि, प्रदेश की जनता भाजपा का सच जान चुकी है और अब प्रदेश में पीडीए की सरकार बनने जा रही है। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक और धार्मिक विवादों के बजाय रोजगार, निवेश और आम लोगों की आर्थिक परेशानियों पर ध्यान देना चाहिए।
“विदाई का समय आ गया, उन्हें तय करना है कि स्पेन जाना है या वेनिस।”
• माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी https://t.co/6s8WS5KoZE
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) November 27, 2026
पढ़ें :- ब्रजेश पाठक जिस सीट से लड़ेंगे चुनाव, वहीं से ताल ठोकेंगे अलंकार अग्निहोत्री, 2027 को लेकर किया बड़ा ऐलान
उन्होंने मतदाता सूची और विशेष पुनरीक्षण को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आयोग से मिलकर फर्जी वोट बनवा रही है। अखिलेश ने कहा कि आयोग के मुताबिक 2.5 करोड़ मतदाता गायब हैं, जबकि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि 1.27 करोड़ हिंदू गायब हैं। उन्होंने सवाल किया कि इनमें झूठ कौन बोल रहा है?
अखिलेश ने दावा किया कि फॉर्म-6 में 22 गुना वृद्धि हुई है। उनके मुताबिक भाजपा फर्जी वोट बनवाने के लिए आयोग के साथ मिलकर काम कर रही है और इसी वजह से 2.5 करोड़ मतदाताओं के गायब होने की बात को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता मतदाता सूची के काम में लगे हैं और पार्टी इस प्रक्रिया पर नजर रख रही है।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि, अब इनके जाने का समय आ गया है। अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा सरकार के विदाई का समय आ गया, उन्हें तय करना है कि स्पेन जाना है या वेनिस।