नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले राजस्थान कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने रविवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा में जाने वालों में पूर्व सीएम अशोक गहलोत के करीबी रहे उनके पूर्व कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारिया (Lalchand Kataria) का नाम भी शामिल है। अब इसको लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, कई लोग कह रहे हैं कि उनके ऊपर केन्द्रीय एजेसिंयों का दबाव है इसलिए भाजपा में जा रहे हैं। ये वक्त किसी दबाव के आगे झुकने का नहीं है बल्कि लोकतंत्र को बचाने और देश के भविष्य के लिए संघर्ष करने का है।
पढ़ें :- Iran–Israel War: युद्ध में कूदे हूती लड़ाके, इजरायल पर दागी मिसाइलें, अब और भी खतरनाक हो सकता है युद्ध
अशोक गहलोत ने एक्स पर लिखा कि, जो नेता कांग्रेस छोड़कर जा रहे हैं उन्हें कांग्रेस ने पहचान दी, केन्द्रीय मंत्री, राज्य में मंत्री बनाया, पार्टी में बड़े पदों पर बिठाया परन्तु पार्टी के मुश्किल वक्त में वो पार्टी छोड़कर भाग रहे हैं। कई लोग कह रहे हैं कि उनके ऊपर केन्द्रीय एजेसिंयों का दबाव है इसलिए भाजपा में जा रहे हैं। ये वक्त किसी दबाव के आगे झुकने का नहीं है बल्कि लोकतंत्र को बचाने और देश के भविष्य के लिए संघर्ष करने का है।
इसके साथ ही उन्होंने एक्स पर लिखा कि, हमें गांधी परिवार से प्रेरणा लेनी चाहिए जिनमें राहुल गांधी एवं पूरे परिवार को कई-कई दिनों तक ED ने पूछताछ के बहाने परेशान किया, उनकी संसद सदस्यता रद्द कर दी, घर तक खाली करवा दिया पर वो हर दबाव का मुकाबला मजबूती से कर रहे हैं। देशभर में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के माध्यम से अन्याय, महंगाई, नफरत और बेरोजगारी के खिलाफ यात्रा कर जनजागरण का काम कर रहे हैं। राजनीति में मुकाबला इस तरह डटकर किया जाता है।
उन्होंने आगे लिखा कि, आज देश में हर संस्थान पर दबाव है और हर व्यक्ति तनाव का माहौल महसूस कर रहा है। इस तनाव और दबाव का मुकाबला करना है जो सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है। कांग्रेस ही इस देश के लोकतंत्र को मजबूत और सुरक्षित रख सकती है।