डिजिटल डेस्क, पर्दाफाश। ओडिशा के नयागढ़ जिला में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-57 पर तकरा घाटी के पास रात करीब 1 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, बरहमपुर से हरिशंकर जा रही एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पहले चट्टान से टकराई और फिर पलट गई। बस में करीब 60 यात्री सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही चालक समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
पढ़ें :- 6.67″ HD+ 120Hz डिस्प्ले और 50MP ट्रिपल AI रियर कैमरे वाला Lava फोन इस दिन होगा लॉन्च, चेक करें डिटेल्स
मृतकों की पहचान हरि पात्रा, लक्ष्मी पात्रा, सुप्रभा साहू, सुमति साहू और बस चालक प्रबीन साहू के रूप में हुई है। हादसे में घायल 10 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें नयागढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य करीब 45 घायलों का इलाज दासपल्ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही दासपल्ला पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और घाटी क्षेत्र की खतरनाक सड़क को माना जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।