UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ने लगी है। दिल्ली में इंडिया गठबंधन में शामिल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है। अभी तक सीट शेयरिंग पर अंतिम मुहर नहीं लगी है। सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि, हम एक—एक सीट पर चर्चा कर रहे हैं। अगली दो बैठकों में चर्चा पूरी हो जाएगी।
पढ़ें :- सपा ने कांग्रेस के लिए 26 सीटों पर भरी हामी, कहा- बाकी के लिए पहले उम्मीदवारों के नाम बताएं, समीकरण के साथ बातचीत को तैयार, देखें लिस्ट
उन्होंने कहा कि, हम लोगों ने हर सीट पर चर्चा की है और ये चर्चा काफी सकारात्मक हुई है। प्रदेश में 403 सीटें हैं, इसलिए चर्चा पूरी नहीं हो पाया है। आप भरोसा रखिए कि गठबंधन की अगली दो बैठकों के बाद हम लोग अपनी चर्चा पूरा कर लेंगे। किसी ने अभी सीटों की मांग नहीं की है। हम सब सीटों पर चर्चा कर रहे हैं… वार्ता तब तक चलती रहेगी, जब तक अंतिम फैसला नहीं हो जाता है… जल्द ही हम अगली बैठक करेंगे।
दरअसल, कुछ देर पहले खबर आई थी कि, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को यूपी में चुनाव लड़ने के लिए 26 सीटें दी हैं, जिसमें दो सीटें वो हैं, जहां पर कांग्रेस ने 2022 के चुनाव में जीत हासिल की थी। हालांकि, इसको लेकर कोई अधिकारिक बयान नहीं आया। ऐसे में अभी भी सीट शेयरिंग पर बातचीत जारी है।
सीट शेयरिंग पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने समाजवादी पार्टी-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर हुई दूसरे दौर की बैठक पर कहा, अगली दो बैठकों के अंदर पूरा निर्णय ले लिया जाएगा। काफी बड़ी मात्रा में सीटों पर चर्चा हो चुकी है। एक-एक सीट पर डेटा के साथ बातचीत हुई है। सकारात्मक बातचीत चल रही है। हम बहुत सकारात्मक सोच के साथ हम लोग आगे बढ़ रहे हैं। निश्चित है कि दोनों पार्टियां सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही हैं। अगली दो बैठकों में हम लोग इसे संपन्न कर लेंगे और हमारा समझौता हो जाएगा।