नई दिल्ली। रक्षाबंधन (Raksha Bandhan) भाई-बहन के रिश्ते और प्यार से जुड़ा त्योहार है। ऐसे में बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन (Bollywood actress Kriti Sanon) का नया रक्षाबंधन विज्ञापन (Raksha Bandhan Advertisement) सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, इस बार चर्चा ऐड की तारीफ के लिए नहीं, बल्कि इसके कॉन्सेप्ट और कृति के लुक को लेकर हो रही है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने कृति की ड्रेस और विज्ञापन में दिखाए गए कुछ सीन्स पर आपत्ति जताई है। वहीं, कुछ लोगों ने इसे भारतीय त्योहार को मॉडर्न अंदाज में दिखाने की कोशिश बताया है।
पढ़ें :- Video-शादी के बंधन में बंधे नूपुर सेनन-स्टेबिन बेन, देखें पहली झलक, क्रिश्चियन रीति-रिवाज से रचाई शादी
ऑफ-व्हाइट आउटफिट में नजर आईं
कृति कृति सेनन ज्वेलरी ब्रांड GIVA के इस विज्ञापन में रक्षाबंधन मनाती दिखाई दे रही हैं। ऐड में उन्होंने ऑफ-व्हाइट कलर का ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहनी है। विज्ञापन का मकसद पारंपरिक त्योहार को एक मॉडर्न टच देना है, लेकिन सोशल मीडिया के कुछ यूजर्स को कृति का यह लुक पसंद नहीं आया। कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार के विज्ञापन में इस तरह का आउटफिट क्यों चुना गया। इसके बाद ऐड के कॉन्सेप्ट को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई।
डॉग को राखी बांधने वाला सीन भी चर्चा में
विज्ञापन में सिर्फ कृति का आउटफिट ही चर्चा में नहीं है। इसमें एक डॉग को भी रक्षाबंधन सेलिब्रेशन का हिस्सा बनाया गया है। एक सीन में डॉग भौंकता हुआ नजर आता है, जिसके बाद कृति उसे राखी बांधती दिखाई देती हैं। ब्रांड ने शायद पालतू जानवर को परिवार का हिस्सा दिखाने के लिए यह सीन शामिल किया है। हालांकि, कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस क्रिएटिव आइडिया पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि रक्षाबंधन की पारंपरिक भावना को दिखाने के लिए दूसरे तरीके भी अपनाए जा सकते थे।
यूजर्स बोले- हिंदू त्योहारों को ही क्यों चुना जाता है?
ऐड सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। एक यूजर ने कृति के आउटफिट पर सवाल उठाते हुए कहा कि रक्षाबंधन पर इस तरह का पहनावा दिखाना ठीक नहीं है. एक अन्य यूजर ने आरोप लगाया कि विज्ञापन में हिंदू त्योहार को लेकर ‘वोक एजेंडा’ चलाया जा रहा है। एक और यूजर ने लिखा कि हिंदू त्योहारों को बार-बार इस तरह दिखाया जाता है और इसे त्योहार का अपमान बताया। हालांकि, सोशल मीडिया पर सभी प्रतिक्रियाएं एक जैसी नहीं थीं. कुछ लोगों ने विज्ञापन को सिर्फ एक क्रिएटिव कैंपेन मानते हुए इसे लेकर ज्यादा विवाद न करने की बात भी कही।
कृति और ब्रांड की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं
इस पूरे विवाद पर अभी तक कृति सेनन या GIVA की ओर से कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है। कृति सेनन के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह हाल ही में ‘कॉकटेल 2’ में शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना के साथ नजर आई हैं। इससे पहले वह 2025 में धनुष के साथ ‘तेरे इश्क में’ में दिखाई दी थीं।