Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नेपाल में तीर्थयात्रियों से भरी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, महिला और मासूम बेटी की मौत, 18 घायल

नेपाल में तीर्थयात्रियों से भरी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, महिला और मासूम बेटी की मौत, 18 घायल

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: जिले के तीर्थयात्रियों से भरी एक गाड़ी नेपाल में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में एक महिला और उसकी तीन वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। सभी यात्री भिटौली क्षेत्र के सेमरा राजा गांव के निवासी थे और नेपाल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल स्वर्गद्वारी प्रभुनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे।

पढ़ें :- मुकेश श्रीवास्तव का स्वास्थ्य विभाग में है कब्जा: भाई के फर्म पर हुई ₹4.50 करोड़ की 'कागजी' खरीदारी, अब फंसे रिटायर CMO

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीर्थयात्रियों से भरी यह गाड़ी नेपाल के प्यूठान जिले में स्वर्गद्वारी नगरपालिका-4 टाकुरा क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 30 फीट नीचे गिर गई, जिससे मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।

हादसे में करन नाथ मौर्य की तीन वर्षीय बच्ची की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी निर्मला मौर्य (30) ने इलाज के दौरान बुटवल के अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में करन नाथ मौर्य समेत 18 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही नेपाल का स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भिंगरी में भर्ती कराया गया, जहां से ड्राइवर सहित 17 लोगों को रेफर कर दिया गया। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही महराजगंज जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद एंबुलेंस के साथ मौके के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, सोनौली बॉर्डर पर 10 एंबुलेंस तैनात की गई हैं, जिनमें 4 लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस शामिल हैं।

पढ़ें :- Hell-Hole Controversy : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले भारत को बताया नरक का द्वार, अब लिया यू-टर्न बोले- पीएम मोदी मेरे सबसे अच्छे दोस्त

डीएम ने बताया कि घायलों के बेहतर इलाज और समन्वय के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त-राजस्व) को सोनौली में कैंप करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की मेडिकल टीम को भी हाईअलर्ट पर रखा गया है। नेपाल के रुपन्देही जिले के प्रशासन से लगातार संपर्क बनाकर राहत कार्यों की निगरानी की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह सतर्क है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद ने बताया कि सोनौली बॉर्डर पर स्वास्थ्य सेवाएं मुस्तैद कर दी गई हैं और ट्रॉमा सेंटर को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है, वहीं प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटा हुआ है।

Advertisement