Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नेपाल में प्रतिनिधि सभा सदस्य के लिए मतदान शुरू, सीमावर्ती जिलों में दिखा उत्साह

नेपाल में प्रतिनिधि सभा सदस्य के लिए मतदान शुरू, सीमावर्ती जिलों में दिखा उत्साह

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नेपाल में प्रतिनिधि सभा सदस्य के लिए हो रहे चुनाव के तहत गुरुवार सुबह से देशभर में मतदान शुरू हो गया। भारत-नेपाल सीमा से लगे रुपंदेही, पश्चिम नवलपरासी और कपिलवस्तु जिलों में भी मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं और लोग लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते नजर आए।

पढ़ें :- मुरादाबाद के दिग्गज नेता राजीव चन्ना समाजवादी पार्टी में हुए शामिल, अखिलेश यादव ने दिलाई सदस्यता

रुपंदेही के मुख्य निर्वाचन अधिकृत अशोक कुमार बस्नेत ने बताया कि सुबह सात बजे निर्धारित समय पर मतदान शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से शुरू हो गया। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था की गई है, जिससे मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मतपत्र मिलने के बाद एक से दो मिनट के भीतर मतदान की प्रक्रिया पूरी हो जा रही है।

मुख्य निर्वाचन अधिकृत बस्नेत ने सभी मतदाताओं, राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण मतदान संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों का संकलन कर मतगणना शुरू कर दी जाएगी। प्रयास किया जा रहा है कि मतगणना प्रारंभ होने के 24 घंटे के भीतर प्रत्यक्ष निर्वाचन के परिणाम सार्वजनिक कर दिए जाएं।

युवाओं की सक्रिय भागीदारी को देखते हुए इस बार जिले में 65 प्रतिशत से अधिक मतदान होने का अनुमान जताया जा रहा है। रुपंदेही जिले में पांच, पश्चिम नवलपरासी में दो तथा कपिलवस्तु में तीन सीटों पर चुनाव हो रहा है।

रुपंदेही जिले में कुल 736 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जा रहा है। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 4,404 कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जबकि 2,203 स्वयंसेवक भी सहयोग में लगे हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर नेपाली सेना, नेपाल प्रहरी और सशस्त्र प्रहरी बल की तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

पढ़ें :- दुष्यंत गौतम के राज्यपाल नियुक्ति पर राहुल गांधी, बोले- मैं स्तब्ध हूं, राष्ट्रपति को लिखा पत्र कहा अंकिता के माता-पिता की न्याय की उम्मीद मत टूटने दीजिए

जिले के पांच निर्वाचन क्षेत्रों में विभिन्न राजनीतिक दलों के 63 तथा 92 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 155 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। रुपंदेही में कुल 7,72,523 मतदाता हैं, जिनमें 3,46,203 पुरुष, 3,26,311 महिलाएं तथा नौ अन्य मतदाता शामिल हैं।

वहीं पश्चिम नवलपरासी जिले में भी शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है। यहां 122 मतदान स्थलों के अंतर्गत 297 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिले के दो निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 54 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। क्षेत्र संख्या एक से 27 तथा क्षेत्र संख्या दो से 29 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें नेपाल के प्रमुख उद्योगपतियों में शामिल विनोद चौधरी और वरिष्ठ नेता हृदयेश कुमार त्रिपाठी भी प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं।

नेपाल के भैरहवा से विजय चौरसिया के साथ अजय कांदू की रिपोर्ट

पढ़ें :- राज्यपाल का पदभार संभलाते ही ब्रज मोहन बोले- भाजपा संगठन को ओडिशा में मजबूत करेंगे, BJD ने उठाए सवाल
Advertisement