Women’s Reservation : यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन (131वां संशोधन) बिल पास न होने पर विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला है। सीएम योगी ने कहा कि कल TMC-कांग्रेस, सपा और वामपंथी दलों ने आधी आबादी के हक पर डाका डलवाने का जो काम किया, उसके बाद देश की बहनें माफी नहीं करेंगी।
पढ़ें :- यूपी संस्कृत बोर्ड का टॉपर रजनीश यादव फर्जीवाड़े में फंसा, अंकतालिका निरस्त, योगी से मिला 1 लाख का इनाम भी होगा वापस
दरअसल, लोकसभा में गुरुवार को संविधान संशोधन (131वां संशोधन) बिल गिरने के बाद भाजपा और उसके सहयोगी विपक्षी दलों पर महिला विरोधी होने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि विपक्ष का कहना है कि बिल न पास होने से संघीय ढांचे को बदलने और लोकतंत्र को कमज़ोर करने की सरकार की साज़िश नाकाम हो गई और उसे रोक दिया गया। सीएम योगी ने शनिवार को माथाभांगा में एक रैली को संबोधित करते हुए इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया व्यक्त की।
सीएम योगी ने कहा, “कल आपने संसद की कार्यवाही ज़रूर देखी होगी। आपने वह पल देखा होगा जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में एक संशोधन पेश किया, जिसका मकसद 2029 तक महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना था। कांग्रेस, वामपंथी दलों और टीएमसी ने इसे पारित नहीं होने दिया। ये वही पार्टियां हैं जो आधी आबादी को उनका हक नहीं देना चाहतीं। इसके बजाय, वे घुसपैठियों—जिनमें बांग्लादेशी घुसपैठिए भी शामिल हैं। उनकी पैरोकारी करती हैं। वे मतदाता सूचियों में नाम जुड़वाने पर ज़ोर देती हैं, ताकि गरीबों के लिए तय लाभों को छीना जा सके। पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार ठीक यही कर रही है। यह कब तक चलता रहेगा?”
उन्होंने आगे कहा, “हम यहां यह कहने आए हैं कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ में ज़रूरी संशोधन—जिसका मकसद आधी आबादी के अधिकारों को सुरक्षित करना था— उसको कांग्रेस, टीएमसी, सपा और वामपंथी दलों ने बाधित किया। उन्होंने इसे पारित होने से रोक दिया। उन्होंने आधी आबादी का अपमान किया है और महिलाओं को उनके अधिकारों पर डाका डालवाले का काम किया है। उन्हें इस देश की बहनें माफी नहीं करेंगी।”