लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र से बेहद गंभीर मामला सामने आया है। प्रयागराज में तैनात एक महिला दरोगा (सब-इंस्पेक्टर) ने अपने ही ससुर पर रेप और पति पर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि वह पिछले चार दिनों से इंसाफ के लिए थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन खाकी की वर्दी में होने के बावजूद पुलिस उसकी कोई सुनवाई नहीं कर रही है। पुलिस के कोई कार्रवाई नहीं करने पर महिला दरोगा बृहस्पतिवार को मायके वालों और किसान यूनियन के साथ थाने पहुंची। दो घंटे तक हंगामा किया। इस पर पुलिस ने उनकी तहरीर पर चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं, ससुर ने भी बहू पर केस दर्ज कराया है।
पढ़ें :- कानपुर: 144 दिनों से फरार इनामी दरोगा अमित मौर्या गिरफ्तार, नाबालिग से गैंगरेप का है आरोप
अंतरजातीय विवाह और नौकरी को लेकर प्रताड़ना
लखनऊ के गायत्रीपुरम की रहने वाली पीड़िता की शादी 14 फरवरी 2025 को ठाकुर बिरादरी के एक युवक से हुई थी। चौरसिया समाज से ताल्लुक रखने वाली महिला दरोगा का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उस पर जातिसूचक टिप्पणियां करते थे और उसकी पुलिस की नौकरी छुड़वाने के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। इसी बीच ससुर की नीयत बिगड़ गई और उसने लाइसेंसी हथियार के दम पर महिला दरोगा के साथ दुष्कर्म किया। जब उसने पति, सास और ननद से शिकायत की, तो सबने उसे चुप रहने की धमकी दी।
चूहे मारने की दवा पिलाई, ससुर-पति ने की फायरिंग
पीड़िता के मुताबिक, इसी साल 19 जनवरी को पति ने उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन संबंध बनाए और विरोध करने पर उसे चूहे मारने वाला जहर देकर कमरे में बंद कर दिया। किसी तरह उसने अपने पिता को फोन किया, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में जब पीड़िता के पिता समझौते के लिए आए, तो पति ने लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। हद तो तब हो गई जब 25 मई की सुबह पति ने उस पर सीधे रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। महिला दरोगा ने किसी तरह छत के रास्ते भागकर अपनी जान बचाई।
पढ़ें :- सपाइयों के महिला सम्मान का मॉडल सिर्फ पोस्टरों तक है सीमित...गार्गी पटेल पर हुए हमले के बाद बोले पंकज चौधरी
स्थानीय पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
पीड़िता का कहना है कि अपनी ही बिरादरी और पुलिस महकमे में होने के बाद भी उसे इंसाफ नहीं मिल रहा है, क्योंकि स्थानीय पुलिस ने ससुराल वालों से साठगांठ कर ली है। इस मामले पर एसीपी काकोरी शकील अहमद ने बताया कि पूरा मामला अब अधिकारियों के संज्ञान में है और इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है।