Prayagraj: संगम नगरी प्रयागराज के कई इलाकों में सड़कों का बड़ा बुरा हाल देखने को मिला है। बारिश के इस मौसम में सड़कों पर जलभराव और गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बनें हुए हैं। इस बीच, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार में महाकुंभ के नाम पर 1 लाख करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगाया है।
पढ़ें :- दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव ने अखिलेश यादव से की मुलाकात, पुलिस की बर्बरता के बारे में बताया
दरअसल, पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने देर रात एक वीडियो शेयर किया है, ये वीडियो प्रयागराज के चुंगी चौराहे और आलोपी बाग फ्लाईओवर के पास काली मार्ग का बताया जा रहा है। जिसमें सड़कों पर बड़े गड्ढे नजर आ रहे हैं और सड़क पर जलभराव भी दिख रहा है। वीडियो में दावा किया गया है कि महाकुंभ के दौरान इस सड़क को बनाने के लिए करोड़ो रुपए खर्च हुए, लेकिन एक साल के भीतर सड़कों का बुरा हाल है। वहीं, अखिलेश ने इसको लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है।
सपा सांसद अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘उप्र में फ़िल्म ‘आओ तुम्हें चाँद पे ले जाएं’ की शूटिंग शुरू हो गई है। दरअसल ये प्रयागराज है जहाँ भाजपा राज में महाकुंभ के नाम पर 1 लाख करोड़ डकारा गया है। भाजपाई कह रहे हैं “नहीं खाएंगे” ये कहा था, डकारेंगे नहीं, ये वादा नहीं किया था। ये तो उस सबसे ख़ास काली सड़क का हाल है जो संगम की ओर जाती है, बाक़ी इधर-उधर की सड़कें कितनी बदहाल होंगी… कहने की ज़रूरत है क्या?’
सपा अध्यक्ष ने आगे लिखा, ‘जिन भाजपाइयों ने धर्म-धन के रूप में चढ़ावा-चंदा-दान चुराने से नहीं छोड़ा, वो भला स्मार्ट सिटी का बजट क्या छोड़ेंगे। ‘मेन स्ट्रीट मीडिया’ का हर सच्चा और साहसी पत्रकार सराहना का पात्र है। आप सब यूँ ही ‘सत्यकारिता’ करते रहिए, हम आपके साथ हैं। बड़े चैनल और अख़बार इनसे प्रेरणा लें।’