पश्चिम बंगाल, पर्दाफाश। कोलकाता के गरिया इलाके में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक महिला की उसके ही ब्यूटी पार्लर के अंदर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान रूपबानी दास के रूप में हुई है। वहीं, घटना के कुछ ही देर बाद पार्लर के बाहर एक 44 वर्षीय व्यक्ति का शव भी मिला, जिसे हमलावर बताया जा रहा है। पुलिस को शुरुआती जांच में शक है कि महिला की हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद भी गला रेतकर जान दे दी। मामला आपसी रिश्तों में आई खटास से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, रूपबानी दास दोपहर करीब 12 बजे अपने पार्लर पहुंची थीं। उनके पति अनूप उन्हें छोड़कर गए थे। कुछ ही देर बाद पंकज नाम का एक व्यक्ति पार्लर में दाखिल हुआ। अंदर पहुंचते ही दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक रूप ले गई।
पढ़ें :- ऊर्जा आयात पर भारत ने समझारी भरा कदम उठाया- अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो ए. कॉसिनो
पार्लर की एक कर्मचारी ने बताया कि उसने उस व्यक्ति को पहले कभी नहीं देखा था। उसके मुताबिक, रूपबानी ने उसे वहां से जाने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख कर्मचारी ने तुरंत परिवार को सूचना दी। कुछ ही देर बाद पार्लर के अंदर से चीखें सुनाई दीं, जिससे आसपास के लोग भी सतर्क हो गए। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो रूपबानी खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं। उनकी गर्दन पर गहरा घाव था और पूरे पार्लर में खून फैला हुआ था, जिससे साफ था कि अंदर जबरदस्त संघर्ष हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच में सामने आया है कि आरोपी और रूपबानी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों की मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी और धीरे-धीरे उनके बीच दोस्ती हो गई थी।
परिजनों के अनुसार, कुछ समय पहले दोनों के रिश्ते में खटास आ गई थी। रूपबानी के चाचा अमरेंद्र दास ने बताया कि परिवार को उस व्यक्ति के बारे में जानकारी थी। उन्होंने यह भी बताया कि करीब दो महीने पहले रूपबानी अपने पार्लर के काम के सिलसिले में उस व्यक्ति के साथ उत्तर भारत गई थीं और कुछ दिन पहले ही लौटी थीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर यह मामला एक पुराने रिश्ते के बिगड़ने से जुड़ा लग रहा है, जिसने अंत में एक खौफनाक रूप ले लिया।