नई दिल्ली, पर्दाफाश। एयर इंडिया का A350 विमान, जो गुरुवार सुबह दिल्ली से लंदन हीथ्रो के लिए उड़ान भर रहा था, तकनीकी खराबी के कारण राष्ट्रीय राजधानी लौट आया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान AI111 में उड़ान भरने के कुछ असामान्य आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद एहतियातन एयरलाइन ने विमान को वापस दिल्ली भेजने का फैसला किया। उस समय विमान सऊदी अरब के एयरस्पेस में था। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के अनुसार, गुरुवार को यह विमान लगभग सात घंटे तक हवा में रहा, यह विमान सुबह लगभग 6 बजे दिल्ली से रवाना हुआ था और दोपहर 12:30 बजे वापस राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षित उतर गया।
पढ़ें :- वाराणसी एयरपोर्ट से एअर इंडिया ने शुरू की देश की पहली ‘Easy Connect’ इंटरनेशनल सर्विस
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर गया। उन्होंने कहा कि एयरलाइन उच्च सुरक्षा मानकों के अनुसार विमान की गहन तकनीकी जांच कर रही है, जिसमें कुछ अतिरिक्त समय लग सकता है। प्रवक्ता ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया और आश्वस्त किया कि एयरलाइन हर संभव प्रयास कर रही है ताकि यात्री जल्द से जल्द लंदन की अपनी यात्रा जारी रख सकें।
सूत्रों के अनुसार, यह वही A350-900 विमान (VT-JRF) है, जिसमें 15 मार्च को भी तकनीकी खराबी आई थी। उस समय न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही उड़ान को भी आयरलैंड के शैनन हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया था। एयर इंडिया ने जनवरी 2024 से A350-900 विमानों का संचालन शुरू किया है और यह उच्च क्षमता तथा आधुनिक तकनीक से लैस विमान माना जाता है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही विमान को फिर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए मंजूरी दी जाएगी।