सुलतानपुर: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़ से शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव देवरिया ले जा रही सेना की एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में शहीद के बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। घटना हलियापुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 79.6 के पास हुई।
पढ़ें :- गुजरात के आणंद में बड़ा हादसा, दो बाइक भिड़ीं, तीन युवकों की मौत, तीन घायल
पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस में शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान के पार्थिव शरीर के साथ उनके पुत्र गौरव सिंह, भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ सिंह और चालक जसपाल मौजूद थे। रविवार सुबह करीब 8 बजे एंबुलेंस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। इसी दौरान एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में एंबुलेंस सवार गौरव सिंह और चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और राहत-बचाव टीम ने गंभीर रूप से घायल राजन चौधरी और राम समुझ सिंह को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, उपचार के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में कुल चार लोगों की जान चली गई।
घटना के बाद एंबुलेंस में फंसे शवों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान के पार्थिव शरीर को सुरक्षित निकालकर हलियापुर थाना परिसर में रखा गया है। पुलिस हादसे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। एक साथ चार मौतों की खबर से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।