बिहार के इतिहास, साहित्य और सूफ़ी परंपराओं पर गंभीर शोध कर रहे जमुआरा निवासी युवा इतिहासकार एवं लेखक सय्यद अमजद हुसैन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी पहचान मिली है। यूनाइटेड किंगडम की संस्था लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उन्हें 'सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन' से सम्मानित किया है।
शेखपुरा। बिहार के इतिहास, साहित्य और सूफ़ी परंपराओं पर गंभीर शोध कर रहे जमुआरा निवासी युवा इतिहासकार एवं लेखक सय्यद अमजद हुसैन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी पहचान मिली है। यूनाइटेड किंगडम की संस्था लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उन्हें ‘सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन’ से सम्मानित किया है। संस्था ने उनके साहित्यिक योगदान, ऐतिहासिक अनुसंधान और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है।
सय्यद अमजद हुसैन की पुस्तक ‘बिहार और सूफ़ीवाद’ इस उपलब्धि का एक महत्वपूर्ण आधार बनी है। इस पुस्तक में उन्होंने बिहार में सूफ़ीवाद के विकास, विभिन्न सूफ़ी सिलसिलों, संतों के जीवन और उनकी आध्यात्मिक एवं सामाजिक शिक्षाओं को ऐतिहासिक प्रमाणों और शोध सामग्री के साथ संकलित किया है। पुस्तक को व्यापक पाठकीय सराहना मिली है। राष्ट्रीय स्तर पर बेस्टसेलर का दर्जा हासिल कर चुकी इस पुस्तक की 10 हजार से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। संस्था के प्रशस्ति-पत्र में अमजद हुसैन का उल्लेख सूफ़ीवाद पर शोधपरक पुस्तक लिखने वाले भारत के सबसे कम उम्र के इतिहासकारों में से एक के रूप में किया गया है।
कई राष्ट्रीय सम्मानों से भी हो चुके हैं अलंकृत
साहित्य और इतिहास के क्षेत्र में अमजद हुसैन की उपलब्धियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्हें वर्ष 2024 में डॉ. बी. आर. आंबेडकर नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2025 में भारत प्रतिभा सम्मान, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम आजाद नेशनल अवार्ड, इंडियन एक्सीलेंस अवार्ड और इंडिया स्टार वर्ल्ड रिकॉर्ड्स पैशन अवार्ड सहित कई सम्मान मिले। वर्ष 2026 में नवभारत सेवा रत्न, स्वामी विवेकानंद यूथ इंस्पिरेशन अवार्ड, भारत गौरव सम्मान और राष्ट्रीय प्रतिभा पुरस्कार से भी उन्हें सम्मानित किया गया।
इसके अलावा, वर्ष 2025 में आयोजित 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में नई दिल्ली में शामिल होने के लिए उन्हें विशेष निमंत्रण मिला था। कम उम्र में साहित्य और ऐतिहासिक शोध के क्षेत्र में हासिल की गई इन उपलब्धियों ने उन्हें बिहार के उभरते युवा इतिहासकारों में एक विशिष्ट स्थान दिलाया है।
प्रतिष्ठित हस्तियों की सूची में शामिल हुआ नाम
लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से सम्मानित एवं जुड़े व्यक्तित्वों में पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सांसद इमरान मसूद, सांसद उदयनराजे भोंसले, डॉ. फरमान हसन खान, न्यूक्लियर साइंटिस्ट बल्ला रामकृष्णा, एमआईटी यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष डॉ. विश्वनाथ कराड, प्रो. डॉ. सी. एल. यादव, शोधकर्ता डॉ. उत्सो भट्टाचार्य और नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ सहित अनेक नाम शामिल हैं। अमजद हुसैन को जारी प्रमाणपत्र संख्या LBOWRE6020218 पर संस्था के यूरोपीय संघ प्रमुख डॉ. इवान गाचिना एवं अध्यक्ष डॉ. अविनाश डी. सकुंडे के हस्ताक्षर हैं।
बिहार की भूली-बिसरी विरासत को सामने लाने का प्रयास
शोध और लेखन के अलावा अमजद हुसैन सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय हैं। वे जेनिथ सोशल फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और ‘यूथ इन सूफ़िज़्म’ के माध्यम से युवाओं के बीच सूफ़ी साहित्य, विचारधारा और सांस्कृतिक विरासत के प्रचार-प्रसार के लिए कार्यक्रम आयोजित करते रहे हैं।
उनका विशेष प्रयास बिहार के उन सूफ़ी संतों, ऐतिहासिक स्थलों और सांस्कृतिक परंपराओं को सामने लाना है, जिनका उल्लेख इतिहास की मुख्यधारा में अपेक्षाकृत कम हुआ है। इसके लिए वे पुराने दस्तावेजों, पुस्तकों और विभिन्न ऐतिहासिक स्रोतों का अध्ययन कर रहे हैं।
जमुआरा से शुरू हुआ उनका यह सफर अब अंतरराष्ट्रीय सम्मान तक पहुंच गया है। लंदन की संस्था से मिली इस मान्यता को जिले के साहित्यिक और बौद्धिक क्षेत्र के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।