अयोध्या की जनसभा में आकाश आनंद ने अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव पर दलित समाज के अपमान का आरोप लगाते हुए माफी मांगने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका जवाब वोट से दिया जाएगा। जनसभा में उन्होंने मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील भी की।
BSP Ayodhya Rally: उत्तर प्रदेश की सियासत में दलित वोटों को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने अयोध्या की जनसभा से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं को दलित समाज से माफी मांगनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता वोट के जरिए इसका जवाब देगी।
दरअसल, 15 नवंबर को आगरा में आयोजित सपा के दलित सम्मेलन के दौरान रामगोपाल यादव ने शोर मचा रहे कुछ युवाओं को ‘मूर्ख’ कह दिया था। इसी बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। आकाश आनंद ने पंडितपुर में आयोजित बीकापुर विधानसभा क्षेत्र की जनसभा में कहा कि रामगोपाल यादव के एक बयान ने दलित समुदाय को सपा नेतृत्व की सोच समझा दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चेहरे पर कितना भी मेकअप कर लिया जाए, लेकिन दिल की बात आखिरकार जुबान पर आ ही जाती है।
आकाश आनंद ने प्रदेश की भाजपा सरकार को भी बेरोजगारी, पेपर लीक और स्वास्थ्य सुविधाओं के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में दस से अधिक भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं, जिससे युवाओं की मेहनत प्रभावित हुई। दीपोत्सव के दौरान दीयों का रिकॉर्ड बनने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि इस रोशनी का फायदा बेरोजगारों और जरूरतमंद परिवारों तक कितना पहुंच रहा है।
बीकापुर के भाजपा विधायक पर निशाना साधते हुए आकाश ने कहा कि क्षेत्र के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए आज भी लखनऊ जाना पड़ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही बीकापुर से जितेंद्र सिंह और बबलू को बसपा प्रत्याशी घोषित किया।