Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. क्षेत्रीय
  3. अनंत सिंह बोले- नीतीश को लूटकर भी 3 लाख वोट दिलाते थे, रोहिणी आचार्य ने JDU को घेरा

अनंत सिंह बोले- नीतीश को लूटकर भी 3 लाख वोट दिलाते थे, रोहिणी आचार्य ने JDU को घेरा

By Harsh 
Updated Date

बिहार : विधान परिषद चुनाव से पहले जेडीयू विधायक अनंत सिंह के बयान ने सियासी विवाद खड़ा कर दिया है। मोकामा से विधायक अनंत सिंह ने दावा किया कि वह हमेशा नीतीश कुमार की मदद करते आए हैं और बाढ़-मोकामा क्षेत्र से उन्हें तीन लाख वोट दिलाते थे। उनके बयान को लेकर आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने जेडीयू पर निशाना साधा और चुनाव में वोट लूटने को लेकर सवाल उठाए।

पढ़ें :- नीतीश कुमार के लिए कराए 9 मर्डर....कुर्बानी दिए हैं; अनंत सिंह का चौंकाने वाला दावा, MLC चुनाव के बीच मचा घमासान

अनंत सिंह ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में पटना स्नातक सीट से जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि “पार्टी में योगदान की बात नीरज बोला, हम जैसे भी दें, लूट के दें बाढ़ से दें या मोकामा से दें, नीतीश जी को 3 लाख वोट हम देते थे। और वो वहां से बनते थे। उनसे एक रुपया नहीं लिया, सब दिन मदद किए। नीरज कुमार कौन कुर्बानी दिया।”

रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार से पूछा सवाल

अनंत सिंह के बयान के बाद रोहिणी आचार्य ने जेडीयू और नीतीश कुमार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि अनंत सिंह कैमरे के सामने वोट लूटने की बात स्वीकार कर रहे हैं। रोहिणी ने इसे नीतीश सरकार के सुशासन और नैतिकता के दावों के विपरीत बताया।

उन्होंने नीतीश कुमार से सवाल किया कि क्या उनकी चुनावी जीत वोट लूटने के सहारे हुई थी। इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

पढ़ें :- 'दो ठेकुआ, एक चाय...' BJP का नया नारा, PM मोदी की तारीफ पर क्यों भड़के यूजर्स?

‘नीतीश के लिए हमारे 9 लोग मारे गए’

अनंत सिंह का एक दूसरा बयान भी चर्चा में है। शुक्रवार सुबह उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार का साथ देने के कारण उनके नौ लोग मारे गए। उनके बयान के बाद विवाद बढ़ा तो उन्होंने कुछ ही घंटों में सफाई दी कि उन्होंने किसी की हत्या नहीं कराई थी।

अनंत सिंह के मुताबिक, नीरज कुमार ने उनसे पार्टी में योगदान के बारे में सवाल किया था। जवाब में उन्होंने 2004 में अपने घर पर हुई एसटीएफ मुठभेड़ का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय लालू यादव के शासनकाल में उनके घर पुलिस भेजी गई थी और मुठभेड़ में उनके नौ लोग मारे गए थे। अनंत सिंह ने कहा कि वह इसी घटना को अपनी कुर्बानी के तौर पर बता रहे थे।

जेडीयू उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार कर रहे अनंत सिंह

पटना स्नातक सीट के चुनाव में अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। अनंत सिंह जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाय जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। वह उनके पक्ष में रोड शो और प्रचार भी कर चुके हैं। अनंत सिंह के इस रुख से जेडीयू और एनडीए के भीतर असहज स्थिति पैदा हुई है। दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। पटना स्नातक सीट के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होना है।

पढ़ें :- Bihar MLC Polls : कांग्रेस ने पांच सीटों पर उतारे अपने उम्मीदवार, तीन पर सहयोगी आरजेडी से होगा सीधा मुकाबला
Advertisement