IPL News : लखनऊ के इकाना स्टेडियम में रविवार शाम खेला गया मैच फैंस की धड़कनें बढ़ाने वाला है। जिसमें हार और जीत का नतीजा सुपर ओवर से तय हुआ और कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस सीजन की दूसरी जीत दर्ज की। लेकिन, इस मैच के दौरान एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब केकेआर के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को लखनऊ की अपील पर ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ के जरिए आउट करार दिया गया। जिस पर बल्लेबाज ने जमकर नाराजगी जाहिर की थी। वहीं, आईपीएल ने अंगकृष रघुवंशी पर बड़ा जुर्माना लगाया है।
पढ़ें :- IPL 2027 in Australia : ऑस्ट्रेलिया में खेला जा सकता है आईपीएल मैच, BCCI और CA के बीच बातचीत तेज
आईपीएल ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स के बैटर और विकेटकीपर अंगकृष रघुवंशी पर लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच नंबर 38 के दौरान IPL के खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए बनी आचार संहिता (Code of Conduct) के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए उनकी मैच फीस का 20% जुर्माना लगाया गया है, और साथ ही उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है। रघुवंशी को IPL की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो “मैच के दौरान क्रिकेट के सामान या कपड़ों, मैदान के उपकरणों या फिक्स्चर और फिटिंग्स का गलत इस्तेमाल” करने से संबंधित है।
यह घटना 5वें ओवर में हुई, जब ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ (खेल में बाधा डालने) के कारण आउट दिए जाने के बाद, रघुवंशी ने गुस्से में अपने बल्ले से बाउंड्री कुशन पर मारा और उसके बाद उसी तरह गुस्से में अपना हेलमेट डगआउट में फेंक दिया। रघुवंशी ने अपनी गलती मान ली और मैच रेफरी द्वारा दी गई सज़ा को स्वीकार कर लिया।