बांदा (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बदौंसा थाने के भीतर एक पिता ने अपनी 19 साल की बेटी की चाकू मारकर हत्या कर दी। बेटी ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर अपनी पसंद के लड़के से लव मैरिज की थी, जिससे पिता बेहद नाराज था। पुलिस की कस्टडी और सुरक्षा दावों के बीच हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पढ़ें :- सहारनपुर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, मासूम बच्ची समेत एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत
मंदिर और कोर्ट में की थी शादी
बदौंसा थाना क्षेत्र की इंदिरा कॉलोनी की रहने वाली शिवानी (19) का गांव के ही ललित वर्मा (20) से पिछले 4 साल से अफेयर था। दोनों अलग-अलग जाति के थे। 18 मई को शिवानी और ललित घर से भाग गए और उन्होंने मंदिर व रजिस्ट्रार कार्यालय में शादी कर ली। लड़की के लापता होने पर उसकी मां रन्नो देवी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
थाने के भीतर काउंसलिंग के दौरान हमला
पढ़ें :- NEET-PG की तैयारी कर रही MBBS डॉक्टर ने किया सुसाइड, कमरे से मिला नोट और दो वीडियो
पुलिस ने शुक्रवार को दोनों को मध्य प्रदेश के सतना जिले से बरामद किया और बदौंसा थाने लेकर आई। इसके बाद दोनों के परिजनों को बुलाया गया। थाने में पुलिस और काउंसलर की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी। काउंसलर ने शिवानी को उसके माता-पिता के साथ अकेले में बात करने का समय दिया।
कमरे में पिता सत्यकुमार चौहान (55) ने शिवानी को समझाने की कोशिश की कि लड़का दूसरी बिरादरी का है और इससे समाज में बदनामी हो रही है, इसलिए वह ललित को छोड़ दे। लेकिन शिवानी अपनी जिद पर अड़ी रही और उसने कहा, “मैंने ललित से शादी की है, अब उसी के साथ जीना-मरना है।”
3-4 सेकंड में ताबड़तोड़ वार
बयान दर्ज होने के बाद शिवानी को वन स्टॉप सेंटर भेजा जाना था। तभी कमरे से बाहर आते ही, करीब 15-20 लोगों की मौजूदगी में, पिता सत्यकुमार ने अचानक चाकू निकाला और महज 3 से 4 सेकंड के भीतर बेटी पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। बेटी को लहूलुहान देख मां मौके पर ही बेहोश हो गई।
अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी पिता गिरफ्तार
पढ़ें :- लखनऊ में निवेश घोटाले का खुलासा, यूपी पुलिस का एक सिपाही सहित चार गिरफ्तार,CRPF दरोगा फरार
गंभीर रूप से घायल शिवानी को तुरंत अतर्रा सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे बांदा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एसपी पलाश बंसल ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही आरोपी पिता को दबोच लिया। मृतका की मां की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।