पटना, पर्दाफाश। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति आज मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी करने जा रही है। बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर के अनुसार, परिणाम दोपहर 1:15 बजे घोषित किया जाएगा। इसके साथ ही करीब 15 लाख से ज्यादा छात्रों का लंबे समय से चल रहा इंतजार आज खत्म हो जाएगा। इस साल बिहार बोर्ड 10वीं परीक्षा में कुल 15,12,687 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आसानी से अपना परिणाम देख सकेंगे।
पढ़ें :- Bihar Board Exam 2026 Date: बिहार बोर्ड परीक्षा की तारीखों का ऐलान, 2 फरवरी से इंटरमीडिएट और 17 से मैट्रिक की परीक्षा शुरू
बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2026 का आयोजन 17 फरवरी से 25 फरवरी के बीच किया गया था। परीक्षा राज्यभर के 1,699 केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न हुई थी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चली थी।
अगर पिछले साल की बात करें तो 2025 में साक्षी कुमारी, अंशु कुमारी और रंजन वर्मा ने संयुक्त रूप से टॉप किया था। तीनों ने 489 अंक यानी 97.80 प्रतिशत हासिल किए थे। वहीं, पिछले कुछ वर्षों में रिजल्ट मार्च के आखिरी सप्ताह में ही जारी होता रहा है, जिससे इस बार भी तय समय पर परिणाम घोषित किया जा रहा है।
कैसे चेक करें रिजल्ट?
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट results.biharboardonline.com पर जाकर “BSEB Matric Result 2026” लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपना रोल कोड और रोल नंबर दर्ज कर सबमिट करें। स्क्रीन पर रिजल्ट दिखाई देगा, जिसे नीचे डाउनलोड पर क्लिक कर के प्रिंटआउट भी लिया जा सकता है।