पहाड़ी से लेकर मैदानी इलाकों तक लोगों को कड़ी ठंड का सामना करना पड़ रहा है । (IMD) ने अब उत्तर भारत के कई राज्यों में घने से बहुत घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, पंजाब में 20 दिसंबर की सुबह तक, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार में 21 दिसंबर की सुबह तक, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 दिसंबर की सुबह तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
पढ़ें :- Weather Update: दिल्ली में उमस भरी गर्मी तो मुंबई में झमाझम बारिश , IMD ने बताया कब से बदलेगा मौसम का मिजाज
IMD के अनुसार, आने वाले दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 21 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में भारी वर्षा/बर्फबारी हो सकती है, जबकि 20–22 दिसंबर के बीच पंजाब में छिटपुट बारिश के आसार हैं।
दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में शनिवार सुबह घने कोहरे व धुंध के कारण दृश्यता कम है। 20–21 दिसंबर के बीच मध्यम से घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। वहीं दिल्ली और नोएडा के अधिकांश इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 300 से 450 के पार पहुंच चुका है, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?
यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आलम ये है कि अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान 10℃ से नीचे और अधिकतम तापमान 20℃ से नीचे लुढ़क गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कोहरे के साथ-साथ ठंड में और इजाफा हो सकता है। 20 दिसंबर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क रह सकता है। इस दौरान पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं और पूर्वी हिस्से में कुछ जगहों पर घना से अत्यंत घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम?
उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम विभाग ने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। वही पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी होने की भी संभावना है। IMD के अनसार, देहरादून से आसपास के क्षेत्र में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। वहीं कुछ क्षेत्रों में कुहासा भी देखने को मिल सकता है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में कड़ाके की ठंड के साथ-साथ घने कोहरे ने लोगों को खूब परेशान कर रखा है। कोहरे को लेकर राज्य के 12 जिलों में ‘रेड अलर्ट’ और 26 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ दिया गया है। गया में तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं राज्य के कई जिलों में स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है।