Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. संविधान दिवस पर कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा यात्रा : पीएल पुनिया, बोले-आजादी के 79 बरस बाद फिर आजादी बचाने की निर्णायक लड़ाई

संविधान दिवस पर कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा यात्रा : पीएल पुनिया, बोले-आजादी के 79 बरस बाद फिर आजादी बचाने की निर्णायक लड़ाई

By santosh singh 
Updated Date

लखनऊ। यूपी कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि कल 26 नवंबर, संविधान दिवस है। उन्होंने कहा कि 1949 में इसी दिन हम भारत के लोगों ने यह संविधान अंगीकार कर आत्मार्पित किया था, इस वादे के साथ कि इस देश का हर नागरिक, चाहे वह खेत में पसीना बहाने वाला किसान हो, सपने देखता नौजवान हो, घर और समाज को संभालती महिला हो या समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ा हुआ व्यक्ति हो, किसी भी जाति, धर्म या क्षेत्र का हो, अपने एक वोट से भारत का भाग्य विधाता बनेगा।

पढ़ें :- UP Elections 2027: महिलाओं के खातों में 20-20 देकर भाजपा सत्ता हासिल करने का चलेगी बड़ा दांव, इन राज्यों में सुपरहिट निकला फार्मूला

पुनिया ने कहा कि कल, संविधान दिवस के दिन, उत्तर प्रदेश कांग्रेस संविधान और आजादी की रक्षा के लिए आंदोलन का आगाज करने जा रही है। इस निर्णायक लड़ाई की अगुवाई करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कल लखनऊ आ रहे हैं। खड़गे का पूरा सार्वजनिक जीवन बाबा साहब अंबेडकर के मूल्यों और भारत के संविधान के प्रति समर्पित रहा है। उनका लखनऊ आना इस बात का संदेश है कि संविधान और आजादी की इस लड़ाई में उत्तर प्रदेश अकेला नहीं है, पूरा देश उसके साथ खड़ा है।

पढ़ें :- UP Election 2027: कांग्रेस से सीट बंटवारे की बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी ने पांच सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का किया एलान

कल 26 नवंबर को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी संविधान रक्षा यात्रा निकालेगी। यात्रा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय नेहरू भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर शुरू होगी और एनेक्सी भवन होते हुए हजरतगंज स्थित बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर समाप्त होगी। यात्रा संवैधानिक मूल्यों के अनुसार पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से निकाली जाएगी। सिविल सोसाइटी, सामाजिक संगठनों, युवाओं और संविधान में आस्था रखने वाले सभी लोगों को इस यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता हूं।

पुनिया ने कहा कि यह कितनी बड़ी विडंबना और कितनी गहरी पीड़ा है कि आजादी के 79 वर्ष बाद, संविधान दिवस के दिन, हमें फिर से आजादी बचाने की एक निर्णायक लड़ाई लड़नी पड़ रही है। आजादी के जिन दीवानों ने लाठियाँ खाईं, जेलें भरीं और हँसते-हँसते फाँसी के फंदे चूमे, उन्होंने कभी नहीं सोचा होगा कि आजाद भारत में इतने वर्षों बाद फिर दूसरी आजादी की लड़ाई लड़नी पड़ेगी, और वह भी उसी वोट के अधिकार को बचाने के लिए, जिसके लिए उन्होंने अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया था। आजादी की लड़ाई असल में इसी एक वोट की लड़ाई थी, और आज वही एक वोट निशाने पर है।

2024 में भाजपा संविधान बदलने के मंसूबे लेकर लोकसभा चुनाव में उतरी थी। लेकिन देश की जनता ने, और सबसे बढ़कर उत्तर प्रदेश की जनता ने, संविधान की ढाल बनकर भाजपा को 240 सीटों पर रोक दिया। जब संविधान बदलने का सीधा रास्ता बंद हो गया, तो भाजपा ने दूसरा रास्ता अख्तियार किया। संविधान के पन्ने बदलने में नाकाम रही, तो उसने संविधान की आत्मा, यानी नागरिक के वोट पर ही हमला कर दिया और प्रजातंत्र पर आघात करते हुए नागरिकों से वोट का अधिकार छीन लिया।

पुनिया ने कहा कि आज एसआईआर के नाम पर खुलेआम वोट चोरी की जा रही है। तेरह करोड़ लोगों को मताधिकार से वंचित करके भाजपा ने भारत की आजादी पर आक्रमण किया है। ये तेरह करोड़ केवल नाम नहीं हैं। ये किसी माँ, किसी किसान, किसी मजदूर, किसी नौजवान की पहचान हैं, जिनसे एक झटके में कह दिया गया कि इस लोकतंत्र में अब तुम्हारी कोई आवाज नहीं है। जिस दिन किसी नागरिक से उसका वोट छिनता है, उस दिन उससे उसकी आजादी छिन जाती है।

उत्तर प्रदेश की धरती ने आजादी के आंदोलन को उसके सबसे मूर्धन्य पुरोधा दिए। 1857 में पहली हुंकार भरने वाले मंगल पांडे और झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई से लेकर पंडित मदन मोहन मालवीय, पंडित जवाहरलाल नेहरू और लाल बहादुर शास्त्री तक, और राम प्रसाद बिस्मिल व अशफाक उल्ला खां जैसे अमर बलिदानियों तक, उत्तर प्रदेश की इन विभूतियों ने आजादी की मशाल को कभी बुझने नहीं दिया।

पढ़ें :- 'कमल का फूल ही होगा BJP का CM चेहरा', केशव मौर्य के बयान से यूपी की सियासत में हलचल, योगी के चेहरे पर क्या है पार्टी का रुख?

उन्हीं पुरोधाओं की विरासत का उत्तराधिकारी यह उत्तर प्रदेश ही है जिसने पिछले लोकसभा चुनाव में हमारे संविधान और हमारी आजादी की रक्षा की। आज एक बार फिर यह दायित्व उत्तर प्रदेश के कंधों पर है कि वह भारत के संविधान और आजादी का भार अपने कंधों पर ले और एक निर्णायक लड़ाई लड़े।

कल संविधान दिवस के दिन उत्तर प्रदेश पूरी प्रतिबद्धता से यह संकल्प लेगा कि हम भाजपा को उसके इस कुत्सित मंसूबे में कामयाब नहीं होने देंगे और भारत के संविधान पर इस हमले का प्रजातांत्रिक तरीके से माकूल जवाब देंगे। जब हम प्रजातांत्रिक तरीके से कहते हैं, तो उसका आशय साफ है कि जिस तरह लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को परास्त किया, उसी तरह विधानसभा चुनावों में भी उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को परास्त करेगी।

प्रदेश के हर नागरिक से इस आंदोलन से जुड़ने का आह्वान करता हूं। यह लड़ाई किसी एक दल की नहीं है। यह हर उस नागरिक की लड़ाई है जिसके लिए उसका वोट उसका स्वाभिमान है, उसकी पहचान है और उसकी आजादी है। बाबा साहब ने हमें संविधान दिया, गांधी और नेहरू ने हमें आजादी दी, अब उसे बचाने की बारी हमारी है।

इस दौरान कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन एवं सांसद तनुज पुनिया, पूर्व मंत्री नकुल दुबे सहित मीडिया विभाग के कई पदाधिकारीगण एवं वरिष्ठ नेतागण भी मौजूद रहे।

Advertisement