Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. मध्य प्रदेश के तापमान में लगातार बढ़ोतरी, नर्मदापुरम का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज

मध्य प्रदेश के तापमान में लगातार बढ़ोतरी, नर्मदापुरम का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज

By संतोष सिंह 
Updated Date

उज्जैन। मध्य प्रदेश के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है मार्च महीने में ही 40 के करीब तापमान दर्ज किया जा रहा है। शनिवार को प्रदेश के नर्मदापुरम का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि मार्च के आखिरी 15 दिनों में अप्रैल जैसी गर्मी पड़ेगी। ज्यादातर शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है। 4 दिन तक लू चलने का भी अलर्ट है। वहीं, अप्रैल-मई में 20 दिन हीट वेव चलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर-चंबल सबसे ज्यादा तपेगा।

पढ़ें :- Rajya Sabha Elections Complete Results : भाजपा के 13 उम्मीदवार पहुंचे राज्यसभा, कांग्रेस-टीएमसी ने चार-चार सीटों पर किया कब्जा

मौसम विभाग का कहना है कि मार्च में बारिश के सामान्य से कम होने के संकेत मिल रहे हैं। वहीं, तापमान के सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। प्रदेश में मार्च से ही हीट वेव यानी लू भी चलेगी। 15 मार्च के बाद जब शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचेगा, तब गर्म हवा का असर देखने को मिलेगा। हालांकि, इससे पहले ही खजुराहो, नर्मदापुरम, रतलाम, मंडला समेत कई शहरों में पारा 39 डिग्री के पार पहुंच गया।

आगामी एक दो दिनों में न्यूनतम तापमान इंदौर संभाग में सामान्य से 3-4 डिग्री बढ़कर 20-23 डिग्री तक रह सकता है। जबकि शेष सभी संभागों में 19-21 डिग्री तक जाएगा। वहीं, पूरे प्रदेश में दिन में अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ते हुए सामान्य से 2-4 डिग्री अधिक 36 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस और दक्षिण-पूर्वी हवाओं के मिलने के कारण पूर्वी और दक्षिणी क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं। गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। आखिरी दिनों में रीवा और शहडोल संभागों में न्यूनतम तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस रहेगा जबकि भोपाल सहित शेष पूरे प्रदेश में सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक 23-26 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा।

जबलपुर संभाग में दिन में 37-40 डिग्री जबकि भोपाल सहित शेष पूरे प्रदेश में सामान्य से 3-5 डिग्री बढ़कर 38-42 डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान रहेगा। दक्षिण-पूर्वी हवाओं के आने से जबलपुर, शहडोल और नर्मदापुरम संभाग में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। आखिरी दिनों में ग्वालियर, चंबल, इंदौर, उज्जैन, सागर और रीवा संभाग के साथ राजगढ़, सीहोर, विदिशा, बैतूल और हरदा जिलों में 3-4 दिन तक लू भी चल सकती है।

भोपाल : मध्यप्रदेश से अक्षय की रिपोर्ट

पढ़ें :- Rajya Sabha Election 2026: एनडीए ने बिहार की सभी 5 सीटों पर दर्ज की जीत, महागठबंधन को लगा झटका
Advertisement