Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की तरफ से ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार किया जा रहा है। रविवार को राजस्थान के जालौर में उन्होंने जनसभा को संबोधित किया और मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, जालौर आकर खुशी और गर्व महसूस होता है। जालौर कर्मठ लोगों की धरती है। आप सभी के लिए हमारे मन में बहुत आदर है। यहां कांग्रेस की सरकार थी, आप काम से खुश थे। कुछ गिले-शिकवे भी थे और आपने सरकार बदली। फिर क्या हुआ- कांग्रेस सरकार की लगभग योजनाएं बंद कर दी गईं। इसलिए आज मैं चाहती हूं कि- आप सभी आने वाले चुनाव में अपने विवेक से वोट दें।
पढ़ें :- T20 WC 2026 : सूर्या 'सेना' के आगे पाकिस्तान ने किया सरेंडर, कोलंबो में भारत ने 61 रनों से चटाई धूल
उन्होंने आगे कहा कि, नरेंद्र मोदी जी जनता का ध्यान भटकाने की बातें करते रहते हैं। राजस्थान आकर बोल दिया-जन-जन के आराध्य बाबा रामदेव सा का जन्म कश्मीर में हुआ था। कभी गटर से गैस बनाते हैं, कभी रडार से मिसाइल को बचाने में बादल का रोल बताते हैं, कभी तब ईमेल भेजने की बात कहते हैं, जब ईमेल बना ही नहीं था। कभी मांस-मछली की बात करते हैं। आखिर इन बातों से जनता की जरूरतों का क्या मतलब है?
प्रियंका गांधी ने कहा कि, मोदी सरकार में महंगाई और बेरोजगारी बहुत बढ़ गई है। लेकिन अब चुनाव आ रहा है, तो मोदी जी रसोई गैस सिलेंडर के दाम कम करने की बातें कर रहे हैं। जब मेरी बहनें महंगा रसोई गैस सिलेंडर नहीं भरवा पा रही थीं.. तब मोदी जी कहां थे? देश के युवा सेना में भर्ती होने के लिए वर्षों तैयारी करते हैं। मां-बाप अपने बच्चों को देश की रक्षा के लिए सरहद पर भेजते हैं। युवाओं का सपना रहता है कि वे सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करें और अपने मां-बाप का ख्याल रखें। लेकिन, नरेंद्र मोदी जी युवाओं की ये भावना समझ ही नहीं पाए और सेना की नौकरी सिर्फ 4 साल की कर दी। उन्होंने कहा कि, हम डरने वाले नहीं हैं। हम अपने रास्ते से भटकने वाले नहीं हैं। हम आपके लिए लड़ते रहेंगे, काम करते रहेंगे और आपकी सेवा करते रहेंगे। यही हमारा धर्म है।