Shiv Sena MLA Santosh Bangar : महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे (CM Eknath Shinde) के नेतृत्व वाली शिवसेना के विधायक संतोष बांगर (MLA Santosh Bangar) अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। बांगर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है, जिसमें वह बच्चों से यह कहते दिख रहे हैं कि अगर आपके माता-पिता अगले चुनाव में मेरे लिए वोट नहीं करते हैं तो दो दिन तक खाना मत खाना। अब शिवसेना विधायक के इस बयान पर विपक्षी दलों ने कार्रवाई की मांग की है।
पढ़ें :- एनसीपी अजित पवार गुट ने देवेंद्र फडणवीस से मांगा वित्त विभाग, क्या महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में होगा फेरबदल?
दरअसल, निर्वाचन आयोग (Election Commission) ने हाल ही चुनाव संबंधी गतिविधियों में बच्चों के इस्तेमाल के खिलाफ दिशा निर्देश जारी किए थे। अब कलमनुरी के विधायक संतोष बांगर अपने बयान को लेकर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। बांगर के बच्चों से विवादित अपील का वायरल वीडियो हिंगोली जिले में उनके एक जिला परिषद स्कूल के दौरे के दौरान बनाया गया था। शिवसेना विधायक ने बच्चों से यह भी कहा, ‘अगर उनके माता-पिता खाना न खाने की वजह पूछे तो उन्हें कहना है, ‘वोट फॉर संतोष बांगर, तभी हम खाना खाएंगे।’ इन बच्चों की उम्र 10 साल से कम थी। इसके बाद विधायक ने बच्चों से यह बात दोहराने के लिए कहा कि वे अपने माता-पिता के सामने क्या कहेंगे।
इस मामले में कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के नेताओं ने बांगर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रवक्ता क्लाईड क्रास्टो (Clyde Crasto) ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बांगर ने स्कूली बच्चों से जो कहा है, वह निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के खिलाफ है इसलिए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वह बार-बार उल्लंघन करते हैं और भाजपा का सहयोगी होने के कारण छूट जाते हैं। आयोग को बिना किसी पूर्वाग्रह के उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार (Vijay Wadettiwar) ने सवाल किया कि क्या राज्य के शिक्षा मंत्री सो रहे थे, जब उनकी पार्टी का एक विधायक स्कूली बच्चों से ऐसी बातें कर रहा था। इसके साथ ही वडेट्टीवार ने निर्वाचन आयोग से बांगर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।