नई दिल्ली। फिल्म मेकर्स अब एक और सच्ची घटनाओं से प्रेरित कहानी लेकर आ रहे हैं। यह कहानी इतिहास के उन पन्नों को दिखाती, जब 1990 में भारत आर्थिक संकट (India’s Economic Crisis) से जूझ रहा था। मनोज बाजपेयी (Manoj Bajpayee) स्टारर नई फिल्म ‘गवर्नर’ (Film ‘Governor’) का ट्रेलर आज रिलीज हो गया है। इसमें भारत के इतिहास के एक बेहद चुनौतीपूर्ण दौर को बखूबी दिखाया गया है।
पढ़ें :- BJP दूसरी पार्टियों से नेताओं को खरीदने में व्यस्त, लेकिन आम आदमी बुनियादी जरूरतें भी पूरी नहीं कर पा रहा : कांग्रेस चीफ खड़गे
ट्रेलर में क्या है?
2 मिनट 54 सेकंड के इस ट्रेलर की शुरुआत 1990 के उस दौर से होती है, जब भारत आर्थिक संकट (India’s Economic Crisis) से जूझ रहा था। भारत उस दौर दिवालियापन की कगार पर पहुंच गया था। फिल्म में मनोज बाजपेयी (Manoj Bajpayee) का किरदार पूर्व आरबीआई गवर्नर एस. वेंकटरमणन (Former RBI Governor S. Venkitaramanan) से प्रेरित है।
ट्रेलर में देश की गिरती हुई आर्थिक स्थिति, उसके कारण आम जनता में फैला आक्रोश और सड़कों पर मचे हाहाकार को बखूबी दिखाया गया है। इस गंभीर संकट के समय देश की व्यवस्था को संभालने और भारत को आर्थिक रूप से डूबने से बचाने के लिए जो कड़े और ऐतिहासिक कदम उठाए गए थे, यह फिल्म उसी के इर्द-गिर्द घूमती है।
ट्रेलर में फिल्म को सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताया गया है। ट्रेलर में दिखता है कि कैसे मनोज बाजपेयी का किरदार देश को आर्थिक संकट से बचाने का प्रयास करता है। इसके लिए वो देश में रखा सोना विदेश में भेजने का एक सीक्रेट प्लान भी बनाता है।
मनोज बाजपेयी का दिखा अलग अंदाज
‘गवर्नर’ में मनोज बाजपेयी (Manoj Bajpayee) प्रमुख भूमिका में हैं। वह रिजर्व बैंक के ‘गवर्नर’ के एक बेहद संजीदा और कड़क किरदार को निभा रहे हैं। उनके करियर में यह पहला मौका है, जब वह इस तरह की भूमिका में बड़े पर्दे पर दिखाई देंगे। उनके साथ फिल्म में अभिनेत्री अदा शर्मा भी एक महत्वपूर्ण किरदार में नजर आने वाली हैं। ट्रेलर देखकर अदा का किरदार फिल्म में एक पत्रकार का मालूम पड़ता है। ट्रेलर में कुछ दमदार डायलॉग भी सुनने को मिलते हैं।
12 जून को रिलीज होगी ‘गवर्नर’
चिन्मय मांडलेकर द्वारा निर्देशित ‘गवर्नर’की कहानी सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भारत, रवि असरानी और खुद विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है। फिल्म में जावेद अख्तर ने गीत लिखे हैं, जबकि संगीत अमित त्रिवेदी ने दिया है। ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ ‘Governor: The Silent Savior’12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है।