Electric Shock Accident: राजस्थान के झुंझुनू जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। यहां रोड़ी मिलाने वाली मशीन के हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूरों के झुलसने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
पढ़ें :- Big Accident : झुंझुनूं में सड़क निर्माण के दौरान 11 हजार वोल्ट की लाइन से टकराई मशीन, आठ मजदूरों की मौत
पुलिस ने आठ मजदूरों की मौत की पुष्टि की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सड़क निर्माण के दौरान इस्तेमाल की जा रही मशीन ऊपर से गुजर रही करीब 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। इसके बाद मशीन में करंट फैल गया और उसके आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और धरना शुरू कर दिया। मौके पर पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा और पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी भी पहुंचे।
पढ़ें :- कोटा में भीषण सड़क हादसा, 15 फीट गहरे नाले में गिरी बस, आठ यात्रियों की मौत, अन्य घायल
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार, प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी झुंझुनू हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। PMO के मुताबिक, मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
इस हादसे में आठ मजदूरों की जान जाने से क्षेत्र में शोक की लहर है। सड़क निर्माण के दौरान हुए इस हादसे की वजह और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक को लेकर जांच के नतीजों पर नजर बनी हुई है।