IPL Playoff Scenario : चंडीगढ़ में मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स के विजय रथ को रोक दिया। आईपीएल 2026 के 40वें मैच में राजस्थान ने पंजाब को 6 विकेट से मात दी, जो मौजूदा सीजन में मेजबान टीम की पहली हार थी। जिसके बाद पॉइंट्स टेबल का समीकरण तेजी से बदला है और तीन टीमों की प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की हो गयी है। वहीं, कुछ टीमें अगले चरण से लगभग बाहर होती हुई नजर आ रही हैं।
पढ़ें :- 'मुझे अब भी समझ नहीं आ रहा कि हुआ क्या...' RCB से बुरी तरह हारने पर बोले DC कप्तान अक्षर पटेल
कौन सी तीन टीमें प्लेऑफ की प्रबल दावेदार?
आईपीएल 2026 के 40वें मैच तक पॉइंट्स टेबल में टॉप तीन टीमें- पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स हैं, जोकि प्लेऑफ में लगभग पहुंच चुकी है। जिन्हें अपनी जगह पक्की करने के लिए बाकी बचे मैचों में सिर्फ दो जीत चाहिए होगी। दरअसल, 16 अंक को प्लेऑफ में पहुंचने का टिकट माना जाता रहा है। इस समय पंजाब के आठ मैचों (6 जीत, 1 हार और 1 बेनतीजा) में 13 अंक हैं। आरसीबी के आठ मैचों (6 जीत और 2 हार) में 13 अंक हैं और राजस्थान के नौ मैचों (6 जीत और 3 हार) में 12 अंक हैं। सभी को कुल 14 मैच खेलने हैं। चौथे पायदान के लिए सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच लड़ाई होनी है।
कौन सी तीन टीमें प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर?
पॉइंट्स टेबल में नीचे की तीन टीमें- कोलकाता नाइट राइडर्स, मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाएंट्स हैं, जोकि प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी हैं। जिसमें कोलकाता और लखनऊ को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बचे हुए 6 में से 6 मैच जीतने होंगे। जो लगभग असंभव नजर आता है। इसके अलावा, उन्हें अपने बेहद खराब नेट रन रेट को भी बेहतर करना होगा। वहीं, मुंबई को अपने बचे 7 में से कम से 6 मैच जीतने होंगे।