पटियाला हाउस कोर्ट : बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज ने 200 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सरकारी गवाह बनने की इच्छा जताई है। पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा कि वे इस केस में जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करने को तैयार हैं। कोर्ट ने उनकी इस बात पर कहा कि इसके लिए उन्हें सबसे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) के पास एक औपचारिक अर्जी दाखिल करनी होगी। यह हाई-प्रोफाइल मामला ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है, जिस पर रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपए की ठगी का आरोप है।
पढ़ें :- UP Board Time Table 2027 : यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का परीक्षा कार्यक्रम घोषित, 5 से 24 फरवरी तक होगी परीक्षा
ED की जांच में सामने आया था कि सुकेश ने ठगी के पैसों से जैकलीन फर्नांडिस को करोड़ों के महंगे गिफ्ट्स दिए थे। इसी आधार पर एजेंसी ने उन्हें भी इस मनी लॉन्ड्रिंग केस में आरोपी बनाया था। अब अगर ED उनकी अर्जी स्वीकार कर लेती है और कोर्ट से मंजूरी मिल जाती है, तो जैकलीन आरोपी से सरकारी गवाह बन सकती हैं, जिससे उन्हें कानूनी राहत मिलने की संभावना है। जांच के मुताबिक, सुकेश ने जैकलीन पर 7 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए थे। उन्हें लग्जरी बैग, हीरे की ज्वेलरी, 57 लाख रुपए का घोड़ा और चार पर्शियन बिल्लियां गिफ्ट की गई थीं। इतना ही नहीं, बहरीन में रह रहे उनके माता-पिता को करीब 1.89 करोड़ रुपए की पोर्श और मसेराटी कारें दी गईं, जबकि उनके भाई को SUV और बहन को करीब सवा करोड़ रुपए की BMW कार भी गिफ्ट की गई थी। अब इस मामले में सबकी नजर ED के फैसले पर टिकी है, क्योंकि इससे केस की दिशा और जैकलीन की कानूनी स्थिति दोनों बदल सकती हैं।