Karnataka : कर्नाटक के कोडागु जिले से एक गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक अमेरिकी महिला ने अपने साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होमस्टे के मालिक और एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। महिला के अनुसार, वह कोडागु जिले के कुट्टा गांव स्थित एक होमस्टे में ठहरी हुई थी। इसी दौरान उसे मीठे पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। महिला का आरोप है कि इसी हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में आरोपियों ने घटना को छुपाने की कोशिश की।
पढ़ें :- दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या, मोबाइल के चार्जर से घोंटा गया गला, दुष्कर्म की आशंका
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान वृजेश कुमार के रूप में की है, जो झारखंड का निवासी है और होमस्टे में कर्मचारी के रूप में काम करता था। उसके साथ एक अन्य आरोपी और होमस्टे के मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अमेरिकी महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना को छुपाने के लिए आरोपियों ने होमस्टे का वाई-फाई तीन दिनों तक बंद रखा, ताकि पीड़िता किसी से संपर्क न कर सके। जैसे ही वाई-फाई सेवा दोबारा शुरू हुई, महिला ने मैसूर जाने का बहाना बनाया और वहां पहुंचकर अमेरिकी दूतावास को पूरी घटना की जानकारी दी।
अमेरिकी दूतावास ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मैसूर पुलिस को ईमेल के जरिए सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कोडागु जिले के पुलिस अधीक्षक ने पुष्टि की है कि सभी आरोपियों को 3 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि इस केस में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर पर्यटकों की सुरक्षा और होमस्टे व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, जिस पर प्रशासन अब कड़ी नजर बनाए हुए है।