Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जयकारों से गूंजा लेहड़ा देवी शक्तिपीठ, उमड़ा आस्था का सैलाब

जयकारों से गूंजा लेहड़ा देवी शक्तिपीठ, उमड़ा आस्था का सैलाब

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज ::शारदीय नवरात्र के पहले दिन फरेंदा स्थित मां लेहड़ा देवी शक्तिपीठ में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। शनिवार देर रात से ही मंदिर परिसर मां के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजने लगा। रविवार सुबह तक दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ बढ़ती गई। ढोल-नगाड़ों के बीच पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। महराजगंज के अलावा आसपास के जिलों और नेपाल से भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे।

पढ़ें :- बलरामपुर : सीएम योगी बोले- सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी सहित आधुनिक शैक्षिक सुविधाओं का हो रहा है विस्तार

मेले में सजीं दुकानें, बच्चों में उत्साह

नवरात्र के पहले दिन मंदिर परिसर के आसपास मेले की रौनक दिखाई दी। प्रसाद, पूजा सामग्री, खिलौने और खानपान की दुकानें सजी रहीं। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने खरीदारी की। बच्चों में भी खासा उत्साह रहा। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।

पांडवों के अज्ञातवास से जुड़ी मान्यता

पढ़ें :- गाजियाबाद में 50000 रुपये का इनामी चोर नागिन गिरफ्तार, 100 से ज़्यादा मुकदमें दर्ज, पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली

मां लेहड़ा देवी शक्तिपीठ की प्राचीनता को लेकर क्षेत्र में कई धार्मिक मान्यताएं प्रचलित हैं। स्थानीय लोकश्रुति के अनुसार, प्राचीन काल में मंदिर के आसपास घना जंगल था, जिसे आद्रवन कहा जाता था। मान्यता है कि महाभारत काल में पांडवों ने अज्ञातवास के दौरान यहां समय बिताया था और अर्जुन ने मां भगवती की आराधना की थी।

भीड़ के बीच व्यवस्था अहम

नवरात्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के मद्देनजर सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई, कतार प्रबंधन और यातायात व्यवस्था महत्वपूर्ण हो जाती है। मंदिर के महंत ओम प्रकाश पांडेय के अनुसार, नवरात्र में यहां विशेष भीड़ उमड़ती है, जबकि वर्षभर श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंचते रहते हैं।

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट

पढ़ें :- Lucknow : पुलिस को चकमा देकर JPNIC सेंटर में घुसे सपा कार्यकर्ता, जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
Advertisement