उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी ने उम्मीदवारों के नामों की पहली सूची का ऐलान कर दिया है। पार्टी की पहली सूची में ललितपुर विधानसभा सीट से ज्योति सिंह लोधी को टिकट दिया गया है।
SP female candidate Jyoti Lodhi : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी ने उम्मीदवारों के नामों की पहली सूची का ऐलान कर दिया है। पार्टी की पहली सूची में ललितपुर विधानसभा सीट से ज्योति सिंह लोधी को टिकट दिया गया है। वह पहली सूची की इकलौती महिला प्रत्याशी हैं। ज्योति जिला पंचायत अध्यक्ष और सपा जिलाध्यक्ष रह चुकी हैं। वह 2017 में भी इसी सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं। जिसमें उन्हें 88,687 वोट मिले थे और वे भाजपा के रामरतन कुशवाहा से 68,000 मतों के अंतर से दूसरे स्थान पर रही थीं। करीब 10 साल बाद अखिलेश यादव ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।
ज्योति लोधी सिर्फ चुनाव लड़ने वाली उम्मीदवार नहीं हैं, बल्कि ललितपुर की स्थानीय राजनीति में भी उनकी पहचान है। वह जिला पंचायत अध्यक्ष और सपा की जिलाध्यक्ष रह चुकी हैं। पार्टी ने उन्हें ऐसे समय में टिकट दिया है, जब ललितपुर सीट पिछले दो विधानसभा चुनावों से बीजेपी के पास है। ज्योति को उम्मीदवार बनाकर सपा ने महिला और पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं तक पहुंच बनाने की कोशिश की है। आइए जानते हैं कौन हैं ज्योति सिंह लोधी और सपा ने 2027 के चुनाव के लिए उन्हें ही क्यों चुना है। ज्योति सिंह लोधी ने वर्ष 2003 में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी से अर्थशास्त्र में एमए किया है।
राजनीति में सक्रिय रहीं
ज्योति सिंह लोधी ललितपुर जिले के जखौरा की रहने वाली हैं। वह साल 2003 से समाजवादी पार्टी से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने लंबे समय तक पार्टी के लिए काम किया है। वह दो बार जिला पंचायत सदस्य और ललितपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। इसके अलावा सपा ने उन्हें ललितपुर का जिलाध्यक्ष भी बनाया था। इस तरह वह जिले में संगठन और स्थानीय राजनीति दोनों में सक्रिय रही हैं।
PDA रणनीति
ललितपुर विधानसभा सीट पर लोधी और कुशवाहा समुदाय के मतदाताओं की खास भूमिका मानी जाती है। लोधी समाज को बीजेपी का परंपरागत वोटर माना जाता रहा है। ऐसे में सपा ने ज्योति सिंह लोधी को टिकट देकर इस समाज में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश की है।
अखिलेश यादव की PDA रणनीति के तहत पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को एकजुट करने पर जोर दिया जा रहा है। पहली सूची में एकमात्र महिला और ओबीसी चेहरे के रूप में ज्योति को जगह देना भी इसी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।