लखनऊ के रहीमनगर में रविवार को एक पुलिसकर्मी की तत्परता ने बुजुर्ग की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। सब्जी खरीदने निकले अनिल कुमार अचानक सीने में तेज दर्द होने के बाद सड़क पर गिर पड़े। आसपास लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही रहीमनगर पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही संदीप यादव उनके पास पहुंच गए। उन्होंने तुरंत सीपीआर देना शुरू किया। करीब दो मिनट की कोशिश के बाद बुजुर्ग की हालत में सुधार हुआ और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
पढ़ें :- "शिवजी की बारात नहीं, हुड़दंगियों की जमात !" राहुल गांधी ने प्रदर्शन को बताया 'शिव का तांडव', बीजेपी ने बोल दिया हमला
आलू खरीदकर आगे बढ़े, तभी बिगड़ी तबीयत
महानगर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा के मुताबिक अनिल कुमार महानगर सेक्टर-सी के निवासी हैं। रविवार दोपहर वह रहीमनगर में सब्जी खरीदने आए थे। एक दुकान से आलू लेने के बाद वह आगे बढ़े ही थे कि अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह सड़क पर गिर पड़े।
यह देखकर आसपास मौजूद लोग उनके पास जुटने लगे। इसी दौरान संदीप यादव ने स्थिति संभाली और बिना देर किए सीपीआर देना शुरू कर दिया। करीब डेढ़ से दो मिनट तक प्रयास करने के बाद बुजुर्ग की हालत में सुधार के संकेत मिले। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया और परिवार को भी सूचना दी गई।
बेटे को फोन कर दी जानकारी, घर तक पहुंचाने में भी की मदद
पढ़ें :- डिंपल यादव का जंतर-मंतर से प्रदर्शन स्थल का दर्जा छिनने पर फूटा गुस्सा, बोलीं- जगह बदलने से जन-जागरण नहीं रोक पाओगे
इलाज के बाद अनिल कुमार की हालत सामान्य हुई तो उन्होंने पुलिसकर्मी को अपने बेटे सिद्धांत का मोबाइल नंबर दिया। संदीप यादव ने फोन करके उन्हें पूरी घटना बताई। सूचना मिलते ही सिद्धांत अस्पताल पहुंचे। बाद में पुलिसकर्मियों ने परिवार की मदद से अनिल कुमार को घर पहुंचाया। घर लौटते समय बुजुर्ग ने सिपाही को आशीर्वाद देते हुए कहा, ‘जुग-जुग जियो बेटा।’ उनके बेटे सिद्धांत ने भी हाथ जोड़कर सिपाही और लखनऊ पुलिस का आभार जताया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद संदीप यादव की खूब सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि संकट के समय उनकी तत्परता और सूझबूझ ने एक परिवार को बड़ी परेशानी से बचाने में अहम भूमिका निभाई।