Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. लखनऊ की मशहूर “शर्मा जी की चाय” के मालिक का बेटा हर्ष फायरिंग केस में गिरफ्तार

लखनऊ की मशहूर “शर्मा जी की चाय” के मालिक का बेटा हर्ष फायरिंग केस में गिरफ्तार

By Harsh 
Updated Date

लखनऊ:  मोहनलालगंज स्थित स्पैरो रिजॉर्ट में बर्थडे पार्टी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। राजधानी की मशहूर “शर्मा टी स्टाल” के संचालक के बेटे गौरव शर्मा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं मामले की जांच में लापरवाही सामने आने पर कनकहा चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक निमेश दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

पढ़ें :- संसद में छात्रों के मुद्दे पर अखिलेश यादव का सरकार पर हमला, बोले- "क्या बेटियों के कपड़े फाड़ देंगे आप?"

पुलिस के मुताबिक 19 जुलाई की रात मदाखेड़ा स्थित स्पैरो रिजॉर्ट में बर्थडे पार्टी चल रही थी। आरोप है कि पार्टी के दौरान नशे में धुत गौरव शर्मा ने डीजे की धुन पर पिस्टल निकालकर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां चलने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जब रिजॉर्ट कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट भी की गई। शिकायत मिलने के बाद मोहनलालगंज पुलिस ने गौरव शर्मा समेत 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। जांच के दौरान मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि गौरव अपने करीब 35 से 40 दोस्तों के साथ पार्टी मनाने पहुंचा था।

इस मामले में एसीपी मोहनलालगंज की जांच में यह भी सामने आया कि विवेचना के दौरान कनकहा चौकी इंचार्ज निमेश दुबे ने लापरवाही बरती। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। फिलहाल पुलिस दो अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। घटना में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement