Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. पंजाब में बड़ा एक्शन: पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर गिरफ्तार, अधिकारी की मौत से मचा सियासी तूफान

पंजाब में बड़ा एक्शन: पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर गिरफ्तार, अधिकारी की मौत से मचा सियासी तूफान

By हर्ष गौतम 
Updated Date

अमृतसर । पंजाब से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। अमृतसर पुलिस ने इस मामले में लालजीत सिंह भुल्लर के साथ उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया था। आरोप है कि रंधावा ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो में भुल्लर पर उत्पीड़न, धमकी और टेंडर आवंटन को लेकर दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए थे।

पढ़ें :- प्रयागराज में बड़ा हादसा: धमाके से ढहा कोल्ड स्टोरेज , 20 लोगों के दबे होने की आशंका, कई मजदूरों की मौत

रंधावा ने शनिवार तड़के जहर खाकर जान दे दी थी। घटना के बाद सामने आए वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि मंत्री के दबाव और डर के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब मृतक के परिवार ने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। परिवार ने साफ कहा था कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी, वे पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार की अनुमति नहीं देंगे।

रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर ने चेतावनी दी थी कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अपने बच्चों के साथ सड़कों पर उतरेंगी। विवाद बढ़ने के बाद भगवंत मान के निर्देश पर लालजीत भुल्लर ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। अब गिरफ्तारी के बाद यह मामला और भी गरमा गया है और आगे की जांच में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Advertisement