Mumbai Indians News : आईपीएल 2027 से पहले श्रीलंकाई पूर्व दिग्गज खिलाड़ी महेला जयवर्धने ने मुंबई इंडियंस से अलग होने का फैसला लिया है। फ्रेंचाइजी ने शनिवार (17 अक्टूबर) को घोषणा की कि महेला जयवर्धने आईपीएल 2027 से पहले टीम के हेड कोच का पद छोड़ देंगे। इसके साथ ही जयवर्धने का लीग की सबसे सफल टीम में से एक मुंबई के साथ दस सीज़न का एक लंबा सफर खत्म हो गया है। उनके मार्गदर्शन में टीम ने पांच में से तीन बार (2017, 2019 और 2020 में) खिताब जीता।
पढ़ें :- हार्दिक की ये हरकत रास नहीं आई BCCI को, 10 प्रतिशत जुर्माना सहित खाते में जुड़ा एक डिमेरिट पॉइंट
IPL 2017 से पहले महेला जयवर्धने को मुंबई इंडियंस हेड कोच नियुक्त किया गया था। वे 2022 सीज़न तक इस भूमिका में रहे। इसके बाद, जब मुंबई इंडियंस ने SA20, ILT20 और MLC जैसी विदेशी लीगों में अपना विस्तार किया, तो उन्हें ‘ग्लोबल हेड ऑफ परफॉरमेंस’ के पद पर प्रमोट कर दिया गया। 2024 का सीज़न काफी खराब रहा और IPL 2025 से पहले मार्क बाउचर की जगह जयवर्धने की हेड कोच के रूप में वापसी हुई। उस सीज़न में मुंबई इंडियंस ‘क्वालिफायर 2’ तक पहुंची। हालांकि, इस साल टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था और टीम अंक तालिका में सबसे नीचे से दूसरे स्थान पर रही।
मुंबई इंडियंस से अलग होने पर महेला जयवर्धने ने कहा, “पिछले एक दशक से ज़्यादा समय से मुंबई इंडियंस मेरे सफ़र का एक बहुत ही ख़ास हिस्सा रही है। यहाँ के खिलाड़ियों, कोचिंग टीम, #OneFamily के शानदार समर्थन और सबसे बढ़कर, यहाँ के प्रशंसकों ने मिलकर इसे एक ऐसा अनुभव बना दिया है जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूँगा। हमने साथ मिलकर कुछ अविस्मरणीय पल बिताए हैं, चुनौतियों का सामना किया है और कुछ ऐसा बनाया है जिस पर हम सभी को गर्व हो सकता है।”
नीता अंबानी और आकाश अंबानी का धन्यवाद करते हुए जयवर्धने ने कहा, “इतने सालों तक मुझ पर अटूट भरोसा जताने, मेरा समर्थन करने और दोस्ती निभाने के लिए तहे दिल से धन्यवाद देना चाहता हूं। हमने साथ मिलकर जो कुछ भी हासिल किया है, उस पर मुझे बहुत गर्व है। मेरे दिल में मुंबई इंडियंस के लिए हमेशा एक ख़ास जगह रहेगी। मैं आने वाले सालों के लिए पूरी टीम को ढेर सारी सफलता की शुभकामनाएं देता हूं।”
टीम की मालकिन नीता अंबानी ने कहा, “महेला ने पिछले कुछ वर्षों में मुंबई इंडियंस के लिए बहुत बड़ा योगदान दिया है। उनका शांत नेतृत्व, ईमानदारी और खेल के प्रति गहरा लगाव हमारे लिए बहुत मायने रखता है।” उन्होंने आगे कहा, “पूरे मुंबई इंडियंस परिवार की ओर से, मैं महेला को उनके इतने बड़े योगदान और अटूट समर्पण के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं। हमने जो सफर साथ तय किया है और जो यादें बनाई हैं, उन्हें हम हमेशा संजोकर रखेंगे।”