Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बृजभूषण को भा गईं ‘मोना’ उर्फ आराधना मिश्रा, लेकिन राहुल गांधी पर बोल गए बड़ी बात

बृजभूषण को भा गईं ‘मोना’ उर्फ आराधना मिश्रा, लेकिन राहुल गांधी पर बोल गए बड़ी बात

By Kalpna Pandey 
Updated Date

Brij Bhushan Statement: यूपी कांग्रेस की कमान आराधना मिश्रा ‘मोना’ को सौंपे जाने के बाद सियासी हलकों में बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह के बयान ने नई हलचल पैदा कर दी है। बृजभूषण शरण सिंह ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को लेकर कहा कि वो बहुत सज्जन महिला हैं और वह व्यक्तिगत तौर पर उन्हें काफी पसंद करते हैं। लेकिन उनके बयान का दूसरा हिस्सा कांग्रेस के लिए सियासी संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। इतना ही नहीं, उन्होंने आराधना मिश्रा के पिता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी की भी जमकर तारीफ की।

पढ़ें :- अखिलेश का कांग्रेस को बड़ा संदेश, बोले- किसको कितनी सीट मिलेगी ये बड़ी बात नहीं, इससे ज्यादा जरूरी गठबंधन की जीत है...

बृजभूषण ने प्रमोद तिवारी को उत्तर प्रदेश की राजनीति का जमीन से जुड़ा नेता बताते हुए उनके लंबे राजनीतिक अनुभव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रमोद तिवारी नौ बार विधायक रह चुके हैं और उनकी बेटी आराधना मिश्रा को भी वही संस्कार और राजनीतिक माहौल मिला है। लेकिन इसके बाद बृजभूषण ने जो कहा, उसने इस पूरे बयान को सियासी बना दिया।

उन्होंने कहा कि, 2027 का विधानसभा चुनाव आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नाम या उनकी व्यक्तिगत छवि के मुद्दे पर नहीं लड़ा जाएगा, बल्कि चुनाव राहुल गांधी के मुद्दे पर होगा। और अगर मुकाबला राहुल गांधी के मुद्दे पर हुआ, तो कांग्रेस के लिए स्थिति ठीक नहीं होगी। यानी एक तरफ बृजभूषण कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष की तारीफ कर रहे हैं, दूसरी तरफ कांग्रेस के सबसे बड़े राष्ट्रीय चेहरों में से एक राहुल गांधी को चुनावी चुनौती के तौर पर पेश कर रहे हैं।

दिलचस्प बात ये भी है कि बृजभूषण इससे पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की भी तारीफ कर चुके हैं और कह चुके हैं कि अखिलेश के बिना सब सूना है। बृजभूषण के इन बयानों के बीच अब आराधना मिश्रा की तारीफ और राहुल गांधी को लेकर उनकी टिप्पणी ने उत्तर प्रदेश की सियासत में एक नई चर्चा को जन्म दिया है।

वहीं, आराधना मिश्रा ने यूपी कांग्रेस की कमान संभालते ही साफ किया है कि 2027 में बीजेपी को हराना उनकी प्राथमिकता है और सपा के साथ गठबंधन को मजबूत रखना भी उनके एजेंडे में सबसे ऊपर है।

पढ़ें :- अजय राय की विदाई के पीछे जातीय खेल? कांग्रेस ने UP में चला ब्राह्मण-दलित-मुस्लिम दांव
Advertisement