सर्दियों के मौसम में सुबह बिस्तर से उठना किसी चुनौती से कम नहीं लगता। इस दौरान गर्म रजाई छोड़ने का मन नहीं करता और न ही किसी तरह की एक्सरसाइज करने का। इसलिए कई बार लोग ठंड के चलते अपनी फिटनेस रूटीन भी बंद कर देते हैं। ऐसे में जापान में अपनाए जाने वाले कुछ आसान तरीके आपकी इस आदत को बदलने में काफी मदद कर सकते हैं।
लाइफस्टाइल डेस्क, लखनऊ। सर्दियों के मौसम में सुबह बिस्तर से उठना किसी चुनौती से कम नहीं लगता। इस दौरान गर्म रजाई छोड़ने का मन नहीं करता और न ही किसी तरह की एक्सरसाइज करने का। इसलिए कई बार लोग ठंड के चलते अपनी फिटनेस रूटीन भी बंद कर देते हैं। ऐसे में जापान में अपनाए जाने वाले कुछ आसान तरीके आपकी इस आदत को बदलने में काफी मदद कर सकते हैं।
आइए जानते हैं जापान के ऐसे पांच तरीके, जिन्हें अपनाकर आप सर्दियों में भी खुद को एक्टिव और एनर्जेटिक रख सकते हैं।
1. काइजेन (Kaizen): बता दें कि जापान का काइजेन सिद्धांत छोटे-छोटे बदलावों के जरिए लगातार सुधार करने पर आधारित है। इस तरीके का मतलब होता है कि शुरुआत में खुद पर ज्यादा दबाव न डालें। यदि आप रोजाना 30 मिनट एक्सरसाइज नहीं कर पा रहे हैं, तो सिर्फ 5 मिनट से शुरुआत करें। धीरे-धीरे समय बढ़ाएं और इसे अपनी दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
2. इकीगाई (Ikigai): इकीगाई का मतलब है जीवन में जीने की वजह या उद्देश्य। अपने स्वास्थ्य को बेहतर रखने और फिट रहने को अपनी जिंदगी का एक लक्ष्य बनाएं। क्योंकि जब आपके पास कोई स्पष्ट उद्देश्य होगा, तो नियमित रूप से एक्टिव रहने की प्रेरणा मिल सकती है।
3. रेडियो ताइसों (Radio Taiso): यह एक जापान की काफी पुरानी और लोकप्रिय एक्सरसाइज परंपरा है। इसमें हल्की स्ट्रेचिंग, हाथ-पैरों की मूवमेंट, झुकना और मार्चिंग जैसी गतिविधियां शामिल होती हैं। इसे कुछ मिनटों में घर पर भी किया जा सकता है।
4. जापानी वॉकिंग (Japanese Walking): यह चलने का एक इंटरवल तरीका है। इसमें तीन मिनट सामान्य गति से और अगले तीन मिनट तेज गति से चलना होता है। बता दें कि इस प्रक्रिया को पांच बार दोहराकर लगभग 30 मिनट की वॉक पूरी की जाती है। शोध में इस तरीके से एरोबिक क्षमता, मांसपेशियों की ताकत और ब्लड प्रेशर में सुधार के संकेत मिले हैं।
5. छोटी-छोटी आदतों को नियमित बनाएं: एक्सरसाइज के लिए रोजाना एक निश्चित समय तय करें। सुबह उठकर हल्की स्ट्रेचिंग करें, लंबे समय तक लगातार बैठे रहने से बचें और बीच-बीच में थोड़ी देर टहलें। किसी भी फिटनेस रूटीन के लिए नियमितता बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण है।
एक्सपर्ट की सलाह
सर्दियों में एकाएक कठिन एक्सरसाइज शुरू करने के बजाय हल्की गतिविधियों से शुरुआत करें। इसके अलावा शरीर को गर्म करने के लिए वार्मअप जरूर करें। यदि आपको हृदय संबंधी समस्या, जोड़ों में दर्द या कोई पुरानी बीमारी है, तो एक्सरसाइज शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य लें।
गौरतलब है कि फिट रहने के लिए घंटों जिम में बिताना जरूरी नहीं है। रोजाना थोड़ी-थोड़ी शारीरिक गतिविधि और नियमित दिनचर्या भी आपकी सेहत के लिए फायदेमंद हो सकती है।